Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। अभिनेत्री कंगना रणौत अक्सर अपनी बयानबाजियों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। वैसे तो वह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'धाकड़' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म के प्रमोशन में वह कोई कमी नहीं छोड़ रही हैं। मगर, इस बीच वह अपने हालिया बयान को लेकर मीडिया की सुर्खियों में आ गई हैं। दरअसल देशभर में वाराणसी की ज्ञानव्यापी मस्जिद विवाद चल रहा है। इस बीच कंगना रणौत ने भी अपनी बात रखी है। बता दें कि वह अपनी आगामी फिल्म 'धाकड़' के सिलसिले में वाराणसी में पहुंची हैं।

पूरी टीम के साथ काशी पहुंची
कंगना रणौत फिल्म की पूरी टीम और कलाकारों के साथ वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने दर्शन और पूजा की। इस दौरान मीडिया ने जब कंगना से ज्ञानवापी मस्जिद में मिले शिवलिंग के दावों पर सवाल किया तो उन्होंने खुलकर जवाब दिया। अपनी बेबाकी के लिए जानी जाने वाली कंगना ने कहा, 'काशी के कण-कण में महादेव बसे हैं'। 

कंगना ने कहा, 'मथुरा के कण-कण में भगवान कृष्ण हैं और अयोध्या के कण-कण में भगवान राम हैं। उसी तरह काशी के कण-कण में महादेव बसे हैं। उन्हें स्ट्रक्चर की जरूरत नहीं है, वह हर कण में हैं।' बेबाकी से जवाब देने के बाद कंगना रणौत ने हर-हर महादेव के नारे लगाए। बता दें कि कंगना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

इंस्टाग्राम पर साझा कीं तस्वीरें
बता दें कि कंगना इन दिनों फिल्म 'धाकड़' के प्रमोशन में जुटी हैं। वह अलग-अलग जगहों पर जाकर फिल्म का प्रमोशन कर रही हैं। कुछ दिन पहले वह 'द कपिल शर्मा: शो में पहुंची थीं। अब वह वाराणसी पहुंची हैं। कंगना ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिसमें वह काशी विश्वनाथ मंदिर में आरती करती नजर आ रही हैं। इस दौरान उनके साथ उनके को स्टार अर्जुन रामपल और दिव्या दत्ता भी मौजूद हैं। बता दें कि कंगना ने 'धाकड़' में जबरदस्त एक्शन सीन किए हैं। उनकी यह फिल्म 20 मई को यानी कल रिलीज होगी।