मुंबई। अभिनेत्री अदिति पोहनकर इन दिनों अपनी वेब सीरीज 'आश्रम' के तीसरे सीजन को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में इसका ट्रेलर रिलीज किया गया है। अब अभिनेत्री अपनी एक और चर्चित वेब सीरीज को लेकर चर्चा में आ गई हैं। यह वेब सरीज है 'शी'। दरअसल अदिति की वेब सीरीज 'शी' (SHE) के दूसरे सीजन की रिलीज डेट की घोषणा कर दी गई है। दिलचस्प बात यह है कि दोनों वेब सीरीज की रिलीज डेट्स में महज दो हफ्तों का अंतर है। अपनी दोनों सीरीज में अदिति के किरदार बिल्कुल जुदा हैं।
इस तारीख को होगी रिलीज
अदित नेटफ्लिक्स की इस चर्चित क्राइम सीरीज 'शी' में महाराष्ट्र पुलिस की कांस्टेबल के किरदार में नजर आती हैं, जो ड्रग माफिया का पर्दाफाश करने के लिए अंडर कवर रहकर काम करती हैं। इस सीरीज को इम्तियाज अली ने प्रोड्यूस किया है। इसका निर्देशन आरिफ अली और अविनाश दास ने किया है। नेटफ्लिक्स ने एक वीडियो साझा की है, जिसमें अदिति के किरदार के दोनों लुक्स की झलक है। इसमें रिलीज डेट भी है, जो कि 17 जून है। वीडियो के साथ नेटफ्लिक्स ने कैप्शन में लिखा है, 'लेडीज एंड जेंटलमैन...हर-'शी'! 'शी' के दूसरे सीजन में भूमि की वापसी और हम अपना उत्साह अंडरकवर नहीं रख सकते'।
दूसरे सीजन के लिए फैंस हैं बेचैन
बता दें कि 'शी' का पहला सीजन जिस मोड़ पर खत्म हुआ था, उससे दूसरे सीजन को लेकर फैंस की बेचैनी बढ़ गई थी। आखिरी एपिसोड में दिखाया गया था कि भूमि खतरनाक ड्रग माफिया के सामने अपनी सच्चाई खोल देती है। अब सवाल यह है कि क्या भूमिका ड्रग माफिया के साथ मिलकर पुलिस के छक्के छुड़ाएगी या यह भी भूमिका की कोई चाल है, जो उसने अपनी जान बचाने के लिए खेली है। इस सीरीज का सह-लेखन इम्तियाज अली ने किया है। पहले सीजन में सात एपिसोड थे। बता दें कि अदिति ने भी अपने इंस्टाग्राम पर लुक्स वाली वीडियो साझा की है। इसके साथ लिखा है, 'नेटफ्लिक्स पर 17 जून को आ रहे हैं। 'शी' एक रहस्य है, जिसके सुलझने का इंतजार है।'
'आश्रम' में बदला लेती नजर आएंगी
आपको बता दें कि वेब सीरीज 'शी' के दूसरे सीजन से पहले अदिति एमएक्स प्लेयर की चर्चित सीरीज 'आश्रम' के तीसरे सीजन में नजर आएंगी, जिसका ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया है। इस सीरीज में अदिति पम्मी के किरदार में हैं। अदिति ने इसका ट्रेलर शेयर किया था, जिसमें दिखाया गया कि अदिति का किरदार पम्मी अब बदला लेने के लिए लौट रहा है। बता दें कि 'आश्रम' का तीसरा सीजन तीन जून को प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम किया जाएगा। बता दें कि अदिति हिंदी फिल्म और वेब सीरीज के अलावा मराठी और तमिल फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। अदिति ने बॉलीवुड फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।