Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding


मुंबई। कान फिल्म फेस्टिवल इस बार भारत के लिए तो खास है ही, आर माधवन के लिए और भी खास है। आर माधवन की पहली ही फिल्म 'रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट' का कान फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ है। फेस्टिवल में दुनिया भर से आए सिने प्रेमियों ने इस साइंस फिक्शन फिल्म का लुत्फ उठाया। 

ये पहली बार है जब माधवन ने अभिनय के साथ डायरेक्शन में भी हाथ आजमाया है। अपने इस ड्रीम प्रोजेक्ट को बनाने में माधवन को बहुत समय लगा और कई कठिनाई भी हुई, लेकिन अंत में उनके हाथ सफलता लगी। उनकी इस फिल्म की तारीफ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं। चालिए नजर डालते हैं आर माधवन के फिल्म बनाने के सफर पर... 

नम्बी नारायण से पहली मुलाकात
फिल्म की कहानी इसरो के पूर्व वैज्ञानिक और एयरोस्पेस इंजीनियर, भारतीय वैज्ञानिक नंबी नारायणन के जीवन पर आधारित है। आर माधवन ने कहा था, 'मैं भी बाकी लोगों की तरह नम्बी से मिलने से पहले बस एक ही बात जानता था। लोगों ने उनके बारे में बताया था कि एक वैज्ञानिक है, जिसपर मालदीव की एक महिला के साथ गलत संबंध रखने का आरोप लगाया गया था। उसने अपना केस लड़ा और जीत गया। लेकिन जब मैं उनसे मिला तो बहुत सी बातें पता चलीं। उनकी आंखों में गुस्सा और नाराजगी थी। वह चाहते थे कि लोगों को उनके साथ जो गलत हुआ वो पता चले।'

माधवन और महादेवन होने वाले थे सह-निर्देशक
फिल्म की शुरुआत 2017 में हुई थी, उस समय ये जानकारी सामने आई थी कि फिल्म का निर्देशन अनंत महादेवन करेंगे। एक साल की रिसर्च के बाद 2018 में फिल्म बनाने की औपचारिक घोषणा की गई, जिसमें आर माधवन और अनंत महादेवन सह निर्देशक के रूप में शामिल होने की जानकारी दी गई। लेकिन बाद में महादेवन इससे बाहर हो गए और आर माधवन ने अकेले ही निर्देशक की कमान संभाली।

छह बार लिखी स्क्रिप्ट
इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर सात महीने तक काम करने के बाद आर माधवन ने फिर से पूरे स्क्रिप्ट लिखी थी। एक इंटरव्यू के दौरान माधवन ने बताया, ‘जब नारायणन ने बताया कि उन्होंने नासा फेलोशिप अर्जित की है और 1969 में प्रतिष्ठित प्रिंसटन विश्वविद्यालय में भी उन्हें स्वीकार कर लिया गया था तो सात महीने तक स्क्रिप्ट पर काम करने के बाद मैंने कहानी को फिर से लिखा। उस समय मुझे बस इतना पता था कि मुझे अपनी स्क्रिप्ट को फेंकना होगा, और मैंने ऐसा ही किया। और मुझे खुशी है कि मैंने ऐसा किया।’ माधवन ने यह भी बताया कि इस फिल्म के लिए उन्होंने छह स्क्रिप्ट लिखी हैं।

इन देशों में हुई फिल्म की शूटिंग
'रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट' फिल्म की शूटिंग जुलाई 2019 में पूरी हो गई थी और ट्रेलर 2021 में अप्रैल फूल डे पर रिलीज किया गया था। इस फिल्म को आर माधवन की डायरेक्टोरियल डेब्यू के साथ माधवन की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म माना जा रहा है। वहीं, फिल्म की शूटिंग भी कई देशों में हुई है, जिनमें भारत, जॉर्जिया, फ्रांस, कनाडा, सर्बिया और रूस शामिल हैं। अब फिल्म 1 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।