Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। इन दिनों आर माधवन अपनी फिल्म 'रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट' के लिए खूब तारीफ बटोर रहे हैं। पहली बार अभिनय के साथ निर्देशन की कमान संभालने वाले माधवन की फिल्म का कान फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर हुआ था। उनकी इस फिल्म को देखकर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। रॉकेट्री 1 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। उससे पहले आप अंतरिक्ष पर भारत में बनी यह फिल्में देख सकते हैं, जिन्होंने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है। 

मिशन मंगल (2019)
जगन शक्ति द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अक्षय कुमार, विद्या बालन, तापसी पन्नू, सोनाक्षी सिन्हा और कीर्ति कुल्हारी ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के वैज्ञानिकों के द्वारा भारत के पहले मार्स ऑर्बिटर मिशन (मंगलयान) के सफल परीक्षण की कहानी दिखाती है। इसे आप डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

कार्गो (2019)
अमुराग कश्यप द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विक्रांत मैसी, श्वेता त्रिपाठी और नंदी माधव ने मुख्य भूमिका निभाई है। इस फिल्म में साल 2027 दिखाया गया है, जब इंसान चांद मंगल से आगे बृहस्पति तक पहुंच गया है। इस फिल्म में मरे हुए इंसान को लाने मनुष्य जैसे राक्षस आते हैं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। 

टिक टिक टिक (2018)
शक्ति सुंदर राजन द्वारा निर्देशित और लिखित 'टिक टिक टिक' एक तमिल फिल्म है। फिल्म की कहानी एक स्पेस ऑपरेशन पर आधारित है, जिसमें इसरो के वैज्ञानिकों को पता चलता है कि एक एस्टेरोइड तेज गति से पृथ्वी की ओर आ रहा है, जो चेन्नई में गिरेगा। एक स्पेशल टीम का गठन कर इस एस्टेरोइड को अंतरिक्ष में ही नष्ट किया जाता है।

अंतरिक्षम 9000 KMPH (2018)
संकल्प रेड्डी द्वारा निर्देशित यह एक तमिल फिल्म है। इस फिल्म की कहानी देव के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने पांच साल पहले अंतरिक्ष स्टेशन छोड़ दिया है। देव से एक सैटेलाइट को ठीक करने के लिए संपर्क किया जाता है, जो स्पेस स्टेशन से कम्युनिकेशन खो चुकी है। अगर वह यह समस्या ठीक नहीं कर पाता है, तो यह दुनिया भर में ब्लैकआउट की स्थिति पैदा हो सकती है।

चांद पर चढ़ाई (1967)
चांद पर चढ़ाई (ट्रिप टू मून) भारतीय सिने उद्योग की पहली साइंस फिक्शन फिल्म थी, जिसका निर्देशन टीपी सुंदरम ने किया था। इस ब्लैक एंड व्हाइट फिल्म में रॉकेट लॉन्चिंग के भी सीन दिखाए गए हैं। फिल्म में दारा सिंह ने एस्ट्रोनॉट की भूमिका निभाई थी, जो अपने साथी के साथ चांद पर पहुंचते हैं और उन्हें वहां 'लड़ाकों और राक्षसों' से लड़ाई लड़नी पड़ती है।