मुंबई। इसी फिल्म से नागालैंड की एंड्रिया भी बॉलीवुड में डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि नॉर्थ ईस्ट की कहानी को दर्शाती कई बेहतरीन फिल्में पहली भी बन चुकी हैं, जिन्हें दुनिया भर के लोगों ने देखा है। इतना ही नहीं उन्हें नेशनल अवॉर्ड से लेकर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल तक में दिखाया गया है। आज हम आपको ऐसी ही कुछ बेहतरीन फिल्मों से रूबरू कराने वाले हैं, जिन्हें आप घर बैठे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं।
अपरूपा
यह 1982 में आई असमिया भाषा की ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन जाहनु बरुआ ने किया था। यह निर्देशक की पहली फीचर फिल्म और नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित भी पहली ही फिल्म थी। इस फिल्म को आप फ्री में यूट्यूब पर देख सकते हैं।
क्रॉसिंग ब्रिज
2013 में आई 'क्रॉसिंग ब्रिज' एक ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म में ताशी की कहानी को दिखाया गया है, जो आठ साल बाद शहर में अपने नौकरी खो देने के बाद वापस गांव लौटता है। इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम पर देख सकते हैं।
कोथनोडी
नॉर्थ ईस्ट सिनेमा की बात की जाए, तो इस फिल्म का जिक्र जरूर होता है। भास्कर हजारिका द्वारा निर्देशित यह फिल्म 2015 में आई थी। इस फिल्म को 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में असमिया में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का अवॉर्ड मिला था। इस फिल्म को आप सोनी लिव पर देख सकते हैं।
III स्मोकिंग बैरल्स
यह 2017 की एक ड्रामा फिल्म है, जिसे संजीब डे द्वारा लिखा और निर्देशित किया गया है। इसमें तीन कहानियां दिखाई गई हैं, जो पूर्वोत्तर भारत से जुड़े तीन सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों की खोज करती है। फिल्म में छह बोली जाने वाली भाषाओं का भी प्रयोग किया गया है। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
पहुआ: द लिटिल विजिटर्स
साल 2017 में आई इस फिल्म का निर्देशन पाखी ने किया था। वहीं, प्रियंका चोपड़ा और मधु चोपड़ा इस फिल्म की प्रोड्यूसर थीं। यह तीन नेपाली बच्चों की कहानी है, जो भारत में प्रवेश करते समय अपने माता-पिता से अलग हो जाते हैं और जीवित रहने के लिए एक-दूसरे पर निर्भर हैं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
ओरुणासोल मैन
'ओरुणासोल मैन' 2017 में आई थी। इस फिल्म को न्यागो एटे ने लिखा और डायरेक्ट किया है। यह एक एक्शन फिल्म है, जो अरुणाचल प्रदेश में नशीली दवाओं की तस्करी में वृद्धि को दिखाती है। यह फिल्म यूट्यूब पर उपलब्ध है।
बुलबुल कैन सिंग
रीमा दास द्वारा निर्देशित असमिया फिल्म 2018 में आई थी। यह तीन दोस्तों की कहानी है, जिसकी टोरेंट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग हुई थी। इस फिल्म को 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में असमिया सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के पुरस्कार मिला था। यह फिल्म भी नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
विलेज रॉकस्टार
रीमा दास द्वारा निर्देशित 'विलेज रॉकस्टार' एक असमिया फिल्म है, जो साल 2017 में आई थी। यह एक छोटे से गांव की कहानी है, जिसमें एक विधवा के 10 साल के बेटे ने गांव के बच्चों के साथ मिलकर एक रॉक बैंड बना लिया है। इस फिल्म को ऑस्कर के लिए भी भेजा गया था, लेकिन यह सर्वश्रेष्ठ फिल्म बनने की रेस से बाहर हो गई थी। इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
एक्सोन
'एक्सोन' एक 2019 की भारतीय कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जो निकोलस खरकोंगर द्वारा निर्देशित और यूडली फिल्म्स, सारेगामा इंडिया के फिल्म डिवीजन द्वारा निर्मित है। यह कहानी एक शादी के जश्न की है, जिसमें पड़ोसियों से टकराव हो जाता है। इसे आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।