मुंबई। भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के महान फिल्म निर्माताओं में से एक महबूब खान को इस रंगीन दुनिया से रुखसत हुए आज यानी 28 मई, 2022 को पूरे 68 साल हो चुके हैं। इस बहुमुखी प्रतिभा के धनी निर्माता-निर्देशक का 28 मई 1964 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। लेकिन, आज भी फिल्मी दुनिया में उनकी धाक कायम है।
महबूब खान, 1957 में प्रसिद्ध फिल्म 'मदर इंडिया' के निर्देशन के लिए सबसे ज्यादा पहचाने जाते थे। इस शानदार रचना के लिए उन्होंने दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के साथ ही सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता। इसके अलावा, महबूब खान ने कई हिट फिल्मों का निर्माण किया था।
निर्माता ने अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी भी खोली थी, जिसका नाम महबूब प्रोडक्शन रखा गया था। इसके बाद साल 1954 में उन्होंने महबूब स्टूडियो नाम से एक फिल्म स्टूडियो की स्थापना की, जो आज भी लोकप्रिय है। फिल्मी दुनिया को बेहतरीन तरीके से तराशने वाले इस निर्माता-निर्देशक की पुण्यतिथि पर आज हम आपको उनकी कुछ खास फिल्मों के बारे में बताने रहे हैं।
फिल्म का नाम- 'एलान' (1947)
साल 1947 में आई यह फिल्म मुस्लिम मेलो ड्रामा फिल्म थी, जिसने रिलीज के बाद काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसकी कहानी एक जावेद नाम के लड़के की कहानी दर्शाती है, जिसे नजरपवार से प्यार हो जाता है। कहानी में ट्विस्ट यह है कि नजरपवार, जावेद की मां की टीचर होती है। 'एलान' उस समय की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म के रूप में भी जानी जाती है। महबूब खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सुरेंद्र, मोहम्मद अफजल रिजवी, मुनव्वर सुल्ताना और लीला मिश्रा ने अभिनय किया था।
फिल्म का नाम- 'अनोखी अदा' (1948)
महबूब खान के निर्देशन में बनी यह एक फिल्म एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म थी। साल 1948 में रिलीज हुई इस फिल्म की कहानी में एक लव ट्राएंगल दिखाया गया था, जिसमें एक खूबसूरत महिला एक दर्दनाक ट्रेन हादसे में अपनी याददाश्त खो देती है। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में नसीम बसु, सुरेंद्र और प्रेम अदीब थे।
फिल्म का नाम- 'अंदाज' (1949)
साल 1949 में आई यह फिल्म एक म्यूजिक ड्रामा फिल्म थी, जिसमें महान अभिनेता दिलीप कुमार, नरगिस और राज कपूर के बीच लव ट्राएंगल फिल्माया गया था। फिल्म में दिलीप (दिलीप कुमार), नीना (नरगिस) से प्यार करता है, लेकिन नीना के दिल में उसके लिए प्यार जैसा कुछ नहीं होता है। नीना की शादी राजन से हो जाती है और जब राजन को पता चलता है कि दिलीप कभी नीना से प्यार करता था, तो वह इन दोनों को गलत समझ लेता है।
फिल्म का नाम- 'आन'(1952)
फिल्म 'आन' महबूब खान द्वारा निर्मित और निर्देशित एक और हिट फिल्म थी, जिसमें दिलीप कुमार, निम्मी, प्रेम नाथ जैसे मंझे हुए कलाकारों ने अभिनय किया था। फिल्म की कहानी राजा शमशेर सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सिंहासन हथिया लेता है और तुरंत ही खौफ का शासन शुरू कर देता है। यह उस समय की अब तक की सबसे महंगी भारतीय फिल्म थी।
फिल्म का नाम- 'मदर इंडिया' (1957)
'मदर इंडिया' एक ऐसी मां की कहानी है, जो अपने बच्चों को अच्छी तरह से पालने के लिए कुछ भी कर गुजरने का दम रखती है। ढेरों मुश्किलें आने के बाद भी वह अपने बच्चों की तरफ अपना कर्तव्य नहीं छोड़ती। फिल्म में नरगिस के साथ सुनील दत्त और राजेंद्र कुमार मुख्य भूमिकाओं में थे। यह उस जमाने की ब्लॉकबस्टर फिल्म थी, जिसने बेस्ट फिल्म का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी अपने नाम किया था। महबूब खान के निर्देशन में बनी यह फिल्म ढेरों खिताब जीतने के बाद भी ऑस्कर पाने से चूक गई थी।