मुंबई। बॉक्स ऑफिस के लिहाज से यह वीकएंड काफी खास रहा है। तेलुगू, हॉलीवुड, बॉलीवुड आदि फिल्मों ने मिलकर शनिवार और रविवार को कुल 68.12 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। लेकिन मई महीने का आखिरी वीकएंड हिंदी फिल्म उद्योग के लिए कुछ खास नहीं रहा।
अप्रैल महीने की ही तरह इस वीकएंड पर तेलुगू फिल्म ने बॉलीवुड को एक बार और पछाड़ दिया है। जी हां, तेलुगू स्टार वरुण तेज की फिल्म ने कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 को मात दे दी है। पढ़िए इस सप्ताहांत किसने कितने करोड़ का करोबार किया है...
केजीएफ: चैप्टर 2
केजीएफ के दूसरे भाग की सफलता के बाद यश न केवल भारत के बल्कि पूरी दुनिया के रॉकी भाई बन गए हैं। बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो प्रशांत नील द्वारा निर्देशित फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 1235 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है। बता दें कि 14 अप्रैल को रिलीज हुई फिल्म, इस हफ्ते सिनेमाघरों में 50 दिन पूरे करने वाली है।
अनेक
आयुष्मान खुराना की फिल्म 'अनेक' ने अपने ओपनिंग वीकएंड में बॉक्स ऑफिस पर खराब प्रदर्शन किया है। शुक्रवार को 2.11 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने के बाद फिल्म ने शनिवार को छलांग लगाते हुए 2.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया। लेकिन रविवार को एक बार फिर इसके कलेक्शन में गिरावट देखने काे मिली। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, फिल्म ने रविवार को 1.95 करोड़ रुपये की कमाई की है।
भूल भुलैया 2
कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी-स्टारर 'भूल भुलैया 2' दर्शकों को प्रभावित करने में कामयाब हो रही है। हॉरर-कॉमेडी ने सिनेमाघरों में अपने दूसरे सप्ताहांत 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। अनीज बज्मी द्वारा निर्देशित भूल भुलैया 2 ने 10वें दिन लगभग 12.77 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जिससे कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन लगभग 122.69 करोड़ रुपये हो गया है। यानी फिल्म ने अपने दूसरे वीकएंड पर कुल 24.12 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
टाॅप गन मेवरिक
टॉम क्रूज-स्टारर टॉप गन मेवरिक को सकारात्मक समीक्षा मिली थी। यह फिल्म 27 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसने भारत में अपने ओपनिंग वीकएंड पर कुल 12.67 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। बता दें कि टॉप गन मेवरिक का 75वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में भव्य प्रीमियर हुआ था, जहां इसे स्टैंडिंग ओवेशन भी मिली थी।
एफ 3: फन एंड फ्रस्ट्रेशन
वेंकटेश, तमन्ना भाटिया और वरुण तेज अभिनीत तेलुगू फिल्म ‘एफ थ्री- फन एंड फ्रस्ट्रेशन’ ने अपने पहले वीकएंड पर 27.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। यदि हम डे-वाइज कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने शनिवार और रविवार को क्रमश: 13.05 और 14.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
डॉन
शिवकार्तिकेयन अभिनीत फिल्म ‘डॉन’ ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। बता दें कि यह अभिनेता शिवकार्तिकेयन की दूसरी बड़ी हिट फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन सिबी चक्रवर्ती ने किया है।
फिल्म वीकएंड कलेक्शन
अनेक 4.25 करोड़ रुपये
भूल भुलैया 2 24.12 करोड़ रुपये
टाॅप गन मेवरिक 12.67 करोड़ रुपये
एफ 3: फन एंड फ्रस्ट्रेशन 27.15 करोड़ रुपये