Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। ब्रिटेन में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की ताजपोशी की 70वीं वर्षगांठ मनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भारतीय मूल के यूके बेस्ड अभिनेता अजय छाबड़ा और नटखट परफॉर्मेंस कंपनी को क्वीन की प्लेटिनम जुबली पेजेंट के लिए लंदन में बकिंघम पैलेस के बाहर बॉलीवुड शैली की ‘वेडिंग पार्टी’ आयोजित करने के लिए चुना गया है। क्वीन के शासन की प्लेटिनम जुबली का जश्न मनाने के लिए इस सप्ताह कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छह मीटर ऊंचा केक बनेगा
51 वर्षीय अजय छाबड़ा लंदन में बकिंघम पैलेस के बाहर ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की ताजपोशी की 70वीं वर्षगांठ पर विशेष रूप से डिजाइन की गई साड़ी और छह मीटर ऊंचा केक तैयार करने वाले हैं, जो इस पार्टी की शान को बढ़ाएगा। वहीं, अभिनेता ने 1947 में प्रिंस फिलिप, एडिनबर्ग के ड्यूक के साथ रानी की शाही शादी से प्रेरणा ली, जिसमें केक की हर लेयर महारानी के शासनकाल के सिल्वर, गोल्डन, डायमंड और प्लेटिनम जुबली का प्रतिनिधित्व करेगी।

जाने माने कलाकार हैं छाबड़ा
अजय छाबड़ा जाने माने रंगमंच, टीवी एवं रेडियो कलाकार हैं और ‘नटखट’ की कलात्मक निदेशक सिम्मी गुप्ता के साथ मिलकर ‘वेडिंग पार्टी’ की प्रस्तुति की तैयारी कर रहे हैं। इसमें दो लोगों के एक साथ आने से एकजुट होने वाले परिवारों और समुदायों की खुशी को दर्शाया जाएगा। छाबड़ा ने कहा कि सत्तर साल पहले मेरी मां, जो उस समय नौ साल की थीं, ने फिजी में रानी का स्वागत किया था। वहीं, सत्तर साल बाद, मेरी बेटी, जो अब नौ साल की है, वह इस जश्न में भाग लेगी।

सम्मामित महसूस कर रहीं सिम्मी
सिम्मी गुप्ता ने कहा कि मैं इस समारोह का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रही हूं। एक दशक पहले, मुझे रॉयल हाउस द्वारा बकिंघम पैलेस के बॉलरूम के लिए एक टुकड़ा बनाने के लिए आमंत्रित किया गया था। अब इस उत्सव को विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के साथ लंदन की सड़कों पर लाना मेरी लिए बहुत खास है। मेरी दादी को मुझपर गर्व होगा।

250 कलाकार बनेंगे हिस्सा
लंदन, बर्मिंघम, लीसेस्टर, मैनचेस्टर, साउथेम्प्टन और न्यूकैसल से विभिन्न आयु वर्ग के 250 कलाकार बॉलीवुड शैली की ‘वेडिंग पार्टी’ प्रस्तुति का हिस्सा होंगे। ‘नटखट’ ने कहा कि विशेष रूप से डिजाइन की गई प्लेटिनम जुबली साड़ी के जरिए राष्ट्रमंडल की भावना दिखाई जाएगी। बता दें कि एलिजाबेथ द्वितीय (96), अपने पिता के निधन के बाद छह जून 1952 को ब्रिटेन की महारानी बनी थीं।