Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। बॉक्स ऑफिस पर इस शुक्रवार तीन फिल्मों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिलने वाली है। इनमें दो साउथ की तो वहीं एक बॉलीवुड फिल्म है। हालांकि इन तीनों फिल्मों को पैन इंडिया रिलीज किया जा रहा है जिससे यह मुकाबला और दिलचस्प होता दिख रहा है। तीन जून को सिनेमाघरों में अक्षय कुमार की सम्राट पृथ्वीराज और कमल हासन की विक्रम के साथ एक और फिल्म रिलीज होने जा रही है जिसका लोगों को लंबे समय से इंतजार है। इस फिल्म का नाम मेजर है। यह फिल्म मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के जीवन पर आधारित है। मेजर में आदिवि सेष, सोभिता धूलिपाला और साई मांजरेकर लीड रोल में नजर आने वाली हैं।

क्या है मेजर की कहानी?
यह फिल्म मेजर संदीप उन्नीकृष्णन की बायोपिक है। बता दें कि मुंबई हमले में आतंकियों से लड़ते हुए सेना के जवान मेजर संदीप शहीद हो गए थे। इस फिल्म से लोगों को उनके साहस और पराक्रम के बारे में जानने को मिलेगा। फिल्म में मेजर के बचपन, प्रेम कहानी और देश के लिए जान न्यौछावर करने का जज्बा देखने को मिलेगा।

पहले दिन हो सकती है इतनी कमाई
26/11 हमले पर आधारित इस फिल्म को लेकर काफी पहले से बज बन चुका है। फिल्म के ट्रेलर को भी दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। आदिवि सेष को मेजर संदीप के किरदार में देखकर लोगों में फिल्म देखने की उत्सुक्ता और ज्यादा बढ़ गई है। माना जा रहा है कि पहले दिन फिल्म अच्छी कमाई कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म पहले दिन 15-20 करोड़ का कलेक्शन कर सकती है। अगर फिल्म को अच्छे रिव्यू मिलते हैं तो वीकेंड में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।

दिग्गजों से है कड़ी टक्कर
फिल्म मेजर दो दिग्गज कलाकार कमल हासन की विक्रम और अक्षय कुमार की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज के साथ रिलीज होने जा रही है। इस वजह से तीन जून को बॉक्स ऑफिस पर कड़े मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। हालांकि यह हमेशा देखा गया है कि जब भी बड़े बजट की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर टकराती हैं तो नुकसान दोनों को ही उठाना पड़ता है।