Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत हाल ही में फिल्म 'धाकड़' में नजर आई थीं। फिल्म दर्शकों से कनेक्ट होने में असफल रही और बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई। इसके साथ ही आलोचकों से भी फिल्म को लेकर नेगेटिव फीडबैक मिले थे। इसके बाद यह फिल्म सिनेमाघरों से गायब हो गई। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म 'धाकड़' को किसी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म ने नहीं खरीदा है। हालांकि कंगना अब अपनी आने वाली फिल्म 'तेजस' की तैयारियों में जुट गई हैं। 

बताया जा रहा है कि 'धाकड़' के फ्लॉप होने के बाद आरएसवीपी के निर्माता 'तेजस' को सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार 'धाकड़' के बाद ‘तेजस’ के निर्माताओं ने इस तरह की गलती से बचने के लिए फिल्म के कुछ हिस्सों को फिर से शूट करने का फैसला लिया है। इसके अलावा हाल ही में बॉक्स ऑफिस आंकड़े और कंगना रणौत के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए आरएसवीपी को लगता है कि यदि ‘तेजस’ सीधे ओटीटी पर रिलीज होती है तो बेहतर प्रदर्शन करेगी।

रिलीज के बारे में सूत्र ने बताया कि रोनी स्क्रूवाला और तेजस पर काम कर रहे आरएसवीपी टीम अभी भी ओटीटी रिलीज के लिए एक डायरेक्ट प्लेटफॉर्म के बारे में विचार कर रहे हैं। उन्होंने अभी तक एक मंच और तारीख को तय नहीं किया है। लेकिन हाल में आम सहमति यह है कि ओटीटी रिलीज निर्माता, अभिनेता और निर्देशक सभी के लिए फायदेमंद होगी।

हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक, आरएसवीपी ने पूरी तरह से इस बात से इनकार कर दिया है। आरएसवीपी के अनुसार फिल्म 'तेजस' अभी भी अक्टूबर में सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। प्रोडक्शन हाउस ने अफवाहों को खारिज करते हुए दावा किया है कि फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग बाकी है, रिलीज से पहले शूटिंग पूरी हो जाएगी। तारीख के बारे में बात करते हुए निर्माता ने बताया कि फिल्म 5 अक्टूबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।