
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा-विधानसभा उपचुनावों को लेकर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने रामपुर से घनश्याम लोधी को टिकट दिया है। कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा यहां मुख्तार अब्बास नकवी को उतार सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यह सीट सपा नेता आजम खां के लोकसभा से इस्तीफा देने बाद खाली हुई थी।
इसके अलावा भाजपा ने आजमगढ़ से भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता दिनेश लाल यादव "निरहुआ" को दोबारा प्रत्याशी बनाया है। पिछले लोकसभा चुनावों में उन्हें सपा नेता अखिलेश यादव से हार का सामना करना पड़ा था।
विधानसभा में इन्हें मिला टिकट
विधानसभा उपचुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने त्रिपुरा की टाउन बोरदोवली से डॉ. मणिक शाह, अगरतला से डॉ. अशोक सिन्हा, सुरमा से स्वप्न दास पॉल, जुबराजनगर से मालिना देबनाथ को प्रत्याशी बनाया है। आंध्र प्रदेश के आत्मकूर से जी. भरत कुमार यादव, दिल्ली के राजिन्दर नगर से राजेश भाटिया तो झारखंड की मंदर सीट से गंगोत्री कुजुर को उतारा गया है।