मुंबई। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर दिल्ली के विज्ञान भवन में मिट्टी बचाओ आंदोलन पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिरकत की थी और इस पहल के लिए ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु की प्रशंसा की थी। वहीं, इस मौके पर लोगों को जागरूक करने के लिए 'बंदेया' गाने को भी लॉन्च किया गया, जिसे सदगुरु ने अपनी आवाज दी है। मीत ब्रदर्स के साथ सद्गुरु का यह डेब्यू गाना है।
म्यूजिक वीडियो में सद्गुरु के साथ नीति और शक्ति मोहन
दरअसल, 'बंदेया' गाने से लोगों को एकजुट होकर देश की मिट्टी को बचाने का संदेश दिया गया है। इस गाने के माध्यम से बताया गया है कि अगर मिट्टी नहीं रही तो इंसानों को भी जीने में परेशानी का सामना करना होगा। ऐसे में सभी को साथ मिलकर अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए देश की मिट्टी को भी बचाना होगा। यह गाना मिट्टी को बचाने के लिए शुरू हुए आंदोलन को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है।
म्यूजिक वीडियो में मौनी रॉय और मोहन सिस्टर्स
इस गाने को मीत ब्रदर्स ने बनाया है, तो वहीं सद्गुरु ने अपना सिंगिंग डेब्यू किया है। सद्गुरु के अलावा सिंगर सचेत और परंपरा ने भी इस गाने को अपनी आवाज दी है। वहीं, म्यूजिक वीडियो में सद्गुरु देश-विदेश के लोगों के साथ ही नहीं मनोरंजन जगत से जुड़े सितारे शक्ति मोहन, नीति मोहन, मुक्ति मोहन, मौनी रॉय और प्राजक्ता कोहली के साथ भी नजर आए।
सद्गुरु
बता दें कि ‘मिट्टी बचाओ आंदोलन’ की शुरुआत इसी साल मार्च में सद्गुरु जग्गी वासुदेव ने की थी। इस दौरान वह 27 देशों से होकर गुजरने वाली 100 दिनों की मोटरसाइकिल यात्रा पर हैं। इस यात्रा का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कावेरी बेसिन में होगा। अपनी यात्रा के दौरान सद्गुरु लोगों से मिलकर उन्हें मिट्टी बचाने के लिए जागरूक कर रहे हैं।