Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट की महानतम खिलाड़ी मिताली राज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। मिताली ने 23 साल के करियर में कई उपलब्धियां हासिल की। वो वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर हैं। वहीं, महिला वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है। मिताली ने 1999 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने पहला मैच आयरलैंड के खिलाफ खेला था। वहीं, मिताली का आखिरी मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में इसी साल था।

मिताली को 2003 में अर्जुन पुरस्कार और 2017 में विजडन लीडिंग वुमन क्रिकेटर इन द वर्ल्ड अवार्ड दिया गया था। मिताली को 2015 में पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था। 2021 में मिताली को खेल रत्न अवॉर्ड दिया गया था।

मिताली राज के प्रमुख रिकॉर्ड और उपलब्धियां: 
मिताली को 'भारतीय क्रिकेट की महिला तेंदुलकर' का कहा जाता है। मिताली वनडे और टी20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं।
2017 महिला क्रिकेट विश्व कप के दौरान मिताली लगातार सात अर्धशतक लगाने में सफल रही थीं। ऐसा करने वाली वो पहली महिला क्रिकेटर हैं।
मिताली एक टीम के लिए लगातार सबसे ज्यादा महिला वनडे (109 मैच) खेलने वाली खिलाड़ी हैं।
मिताली विश्व कप में 1,000 से अधिक रन बनाने वाली पहली भारतीय और पांचवीं महिला क्रिकेटर हैं।
मिताली वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला खिलाड़ी हैं। उनके नाम 232 मैचों में 7805 रन हैं।
मिताली अंतरराष्ट्रीय टी20 में दो हजार रन बनाने वाली पहली महिला भारतीय क्रिकेटर हैं।
मिताली 20 से अधिक सालों तक खेलने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी हैं। 
मिताली 200 वनडे मैच खेलने वाली एकमात्र महिला क्रिकेटर हैं।
उन्होंने 2005 और 2017 में विश्व कप के फाइनल में भारत का नेतृत्व किया।
मिताली वनडे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 24 मैचों में कप्तानी करने वाली महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने इसी साल वर्ल्ड कप के दौरान ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क (23 मैच) को पीछे छोड़ा था।
मिताली छह वनडे वर्ल्ड कप खेलने वाली इकलौती महिला खिलाड़ी हैं। पुरुषों में भारत के लिए यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है।
टेस्ट में मिताली भारत की ओर से दोहरा शतक लगाने वाली इकलौती महिला बल्लेबाज हैं। 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ मिताली ने 214 रन की पारी खेली थी। यह महिला क्रिकेट में टेस्ट में दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है।

मिताली राज का करियर
फॉर्मेट    मैच    रन    औसत    शतक
टेस्ट    12    699    43.68    1
वनडे    232    7805    50.68    7
टी20    89    2364    37.52    0