Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। पहले हफ्ते में सिर्फ 55.05 करोड़ रुपये की कमाई कर सकी 300 करोड़ रुपये की लागत वाली अक्षय कुमार की फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ पर फ्लॉप का ठप्पा लग गया है। पहले दिन सिर्फ 10.70 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेने वाली ये फिल्म अक्षय की लगातार तीसरी ऐसी फिल्म है जिसे दर्शकों ने नकार दिया। 

इसके पहले उनकी फिल्म ‘बच्चन पांडे’ और ‘बेलबॉटम’ भी बॉक्स ऑफिस पर दर्शक नहीं बटोर सकी थी। बीते एक दशक में ये पहला मौका है जब अक्षय कुमार की सोलो फिल्मों ने फ्लॉप की हैट्रिक लगाई है। इस बीच उनकी दो फिल्मों ‘लक्ष्मी’ और ‘अतरंगी रे’ को दर्शक ओटीटी पर भी नकार चुके हैं। बीते साल रिलीज हुई 'सूर्यवंशी' उनकी हिट फिल्म रही है, लेकिन इसमें वह दो और सुपर सितारों अजय देवगन और रणवीर सिंह के साथ नजर आए थे। 

बढ़ती उम्र का घटता जादू
बीते साल तक देश के मनोरंजन जगत के सबसे बड़े ब्रांड रहे अक्षय कुमार पर उनकी उम्र और लगातार फिल्में करते रहने से दर्शकों के बीच उनकी कम होती धमक का असर दिखना शुरू हो गया है। ऐसा नहीं है कि अक्षय कुमार ने इससे पहले बैक टू बैक फ्लॉप फिल्में नहीं दी है। उनके करियर में कम से कम दो बार ऐसे मौके पहले ही आ चुके हैं जब उनकी लगातार पांच फिल्में फ्लॉप रहीं। लेकिन, साल 2011 के बाद सिनेमाघरों में बैक टू बैक तीन फ्लॉप फिल्में देने का ये पहला मामला है। अक्षय कुमार ने बीते तीन चार साल में दोनों हाथों से फिल्में बटोरी हैं। उन्हें भी अंदाजा हो चला है कि वह लीड हीरो वाले अपने करिश्मे को अब जी चुके हैं, इसीलिए अब वह ऐसी फिल्में भी चुन रहे हैं जहां उन्हें सफेद दाढ़ी और खिचड़ी रंग वाले बालों के साथ दर्शक स्वीकार लें।

‘बेलबॉटम’ ने बजाया बैंड
लेकिन, उससे पहले हड़बड़ी में लिए गए उनके फैसलों ने उनकी चमक धुंधली करनी शुरू कर दी है। निर्माता वाशू भगनानी का साथ अक्षय कुमार के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदेह साबित हुआ। वाशू ने अपनी वरुण धवन स्टारर फिल्म ‘कुली नंबर वन’ प्राइम वीडियो को बेची और लंदन जाकर कोरोना काल में बना डाली फिल्म ‘बेलबॉटम’। आजादी की सालगिरह वाले हफ्ते में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन सिर्फ पौने तीन करोड़ की ओपनिंग लेकर बीते साल अक्षय कुमार के ब्रांड की बैंड बजा दी। फिल्म पहले हफ्ते में 20 करोड़ रुपये भी नहीं कमा सकी। अक्षय की चमक फीकी पड़ने की शुरुआत इसी फिल्म से होती है।

होली पर भी नहीं चढ़ा रंग
इस साल होली पर रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म ‘बच्चन पांडे’ उन दिनों बॉक्स ऑफिस पर हल्ला काट रही निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के तूफान में उड़ गई। फिल्म को सिर्फ 13.25 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली और इसने पहले हफ्ते में कमाए सिर्फ 47.98 करोड़ रुपये। फिल्म बहुत खींचतान करके भी बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी और 49.98 करोड़ रुपये की नेट कमाई के आंकड़े के साथ फ्लॉप का ठप्पा लगवाकर सिनेमाघरों से उतर गई।

बॉक्स ऑफिस पर चूके चौहान
अब, फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ अक्षय कुमार के करियर की एक और फ्लॉप फिल्म बन गई है। बीते 10 साल में ये पहला मौका है जब अक्षय कुमार की बैक टू बैक तीन फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई हैं। देश की सबसे बड़ी फिल्म निर्माण कंपनियों में से एक यशराज फिल्म्स ने इस फिल्म पर पानी की तरह पैसा बहाया लेकिन फिल्म में पृथ्वीराज चौहान के रोल में लोगों ने अक्षय को सिरे से नकार दिया। सिर्फ 10.70 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ खुली ये फिल्म पहले हफ्ते में सिर्फ 55.05 करोड़ रुपये कमा सकी है। फिल्म का दूसरे हफ्ते में भी कुछ भला होता नहीं दिखता। रिलीज के आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को इसने 1.70 करोड़ रुपये कमाए।

बीते 10 साल का लेखा जोखा
पहले हफ्ते में बीते 10 साल में अक्षय कुमार की सबसे कम कमाई करने वाली फिल्में इस प्रकार हैं:
फिल्म    पहले हफ्ते की कमाई (करोड़ रुपये में)
एंटरटेनमेंट (2014)    56.50
सम्राट पृथ्वीराज (2022)    55.05
वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा (2013)    53.00
खिलाड़ी 786 (2012)     70.00
बच्चन पांडे (2022)    47.98
बॉस (2013)      45.55
स्पेशल 26 (2013)    44.00
बेल बॉटम (2021)     18.55