Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। छोटी फिल्मों के बड़े अभिनेता रहे राजकुमार राव अगले महीने एक बार फिर बॉक्स-ऑफिस पर रंग जमाने आ रहे हैं। राजकुमार को अपनी हॉरर कॉमेडी फिल्म 'स्त्री' के बाद से एक हिट फिल्म की दरकार है। 

दरअसल, कोरोना संक्रमण काल में रिलीज हुई उनकी फिल्म 'रूही' बॉक्स-ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। इस दौरान उनकी चार फिल्में सीधे ओटीटी पर रिलीज हुईं। इस साल सिनेमाघरों में रिलीज हुई राजकुमार की फिल्म 'बधाई दो' फ्लॉप रही और अब बारी 'हिट द फर्स्ट केस' की है। 

निर्देशक अनुभव सिन्हा की राजकुमार राव स्टारर फिल्म 'भीड़' भी इसी साल रिलीज होनी है, लेकिन अनुभव की आयुष्मान खुराना स्टारर फिल्म 'अनेक' के नतीजों को देखते हुए इस फिल्म को लेकर फिल्म वितरक अभी से सतर्क हो गए हैं।

पुलिसवाले की भूमिका में राजकुमार
राजकुमार राव की नई फिल्म 'हिट द फर्स्ट केस' का मोशन पोस्टर शनिवार को रिलीज हुआ है। फिल्म में राजकुमार के साथ अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा लीड रोल में हैं। फिल्म की कहानी एक ऐसे पुलिसवाले की है, जो एक गुमशुदा लड़की की तलाश कर रहा है। फिल्म में राजकुमार राव के किरदार विक्रम का फर्स्ट लुक निर्माताओं ने शनिवार को जारी किया। निर्देशक डॉ. शैलेश कोलानू की इस फिल्म को टी सीरीज रिलीज कर रही है और इसके निर्माताओं में टी सीरीज के भूषण कुमार, कृष्ण कुमार के अलावा दक्षिण के मशहूर निर्माता दिल राजू के साथ-साथ कुलदीप राठौर के नाम शामिल हैं।

'स्त्री' के बाद सात फिल्में फ्लॉप
फिल्म 'हिट द फर्स्ट केस' बॉक्स-ऑफिस पर इसके हीरो राजकुमार राव का बहुत कड़ा इम्तिहान लेने वाली है। राजकुमार की फिल्मों की ओपनिंग फिल्म 'स्त्री' के बाद लगातार कमजोर होती रही है। बीच में सिर्फ फिल्म 'रूही' ने उम्मीद जगाई थी, लेकिन अच्छी ओपनिंग के बाद फिल्म का कुल कारोबार बॉक्स-ऑफिस पर सिर्फ 23.25 करोड़ रुपये रहा। इस फिल्म को छोड़ दें तो भी राजकुमार राव की सिनेमाघरों में रिलीज पिछली सात फिल्में 'बधाई दो', 'शिमला मिर्ची', 'मेड इन चाइना', 'जजमेंटल है क्या', 'एक लड़की देखा तो ऐसा लगा', '5 वेडिंग्स' और 'लव सोनिया' लगातार फ्लॉप रही हैं।

सट्टा बाजार से भी बाहर
राजकुमार राव की बॉक्स-ऑफिस वैल्यू लगातार गिर रही है। इसका असर उनकी नई फिल्मों पर भी पड़ सकता है। फिल्म कारोबार से जुड़े लोग इसकी आशंका जता रहे हैं। मुंबई के सट्टा बाजार से भी राजकुमार राव की फिल्में अब बाहर हैं। उनकी पिछली फिल्म 'बधाई दो' की ओपनिंग पर सट्टा बाजार में कोई हलचल नहीं दिखी। रिलीज से दो दिन पहले इसकी ओपनिंग पर भाव लगाने की पहल की गई थी, लेकिन बाजार के नियमित खिलाड़ियों के इसमें दिलचस्पी न लेने से ये लाइन ही बाद में बंद कर दी गई।

आने वाली फिल्मों पर सतर्क नजर
कोरोना संक्रमण काल में सीधे ओटीटी पर रिलीज राजकुमार की फिल्मों में 'लूडो', 'छलांग', 'द व्हाइट टाइगर', 'हम दो हमारे दो' शामिल हैं। उनकी एक और ओटीटी फिल्म 'मोनिका ओ माई डार्लिंग' की शूटिंग भी पूरी हो चुकी है। यह फिल्म आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म 'अंधाधुन' बनाने वाली कंपनी मैचबॉक्स की पहली ओटीटी फिल्म है। इसके अलावा राजकुमार की अनुभव सिन्हा निर्देशित फिल्म 'भीड़' भी कंपलीट हो चुकी है। इसे इसी साल जाड़ों में रिलीज होना है। उनकी निर्माणाधीन फिल्मों में 'मि. एंड मिसेज माही' की भी काफी चर्चा है।