मुंबई। कान फिल्म फेस्टिवल में धूम मचाने के बाद आर माधवन के निर्देशन में बनी फिल्म रॉकेट्रीः द नंबी इफेक्ट ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। इस फिल्म के ट्रेलर को दुनिया के सबसे बड़े बिलबोर्ड टाइम्स स्क्वायर पर रविवार को प्रदर्शित किया गया। माधवन ने टाइम्स स्क्वायर का यह वीडियो फैंस संग सोशल मीडिया पर साझा किया है जिसमें माधवन के साथ नंबी नारायण भी दिख रहे हैं जिन पर यह फिल्म आधारित है।
माधवन ने कही ये बात
वीडियो को शेयर करते हुए माधवन ने लिखा, 'टाइम्स स्क्वायर के नैस्डैक बिलबोर्ड पर रॉकेट का ट्रेलर लॉन्च।' वीडियो में देखा जा सकता है कि नंबी एक कुर्सी पर बैठे हुए हैं वहीं माधवन उनके बगल में खड़े हैं। वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को उनके आसपास देखा जा सकता है।
माधवन के इस पोस्ट पर सेलेब्स के रिएक्शन आने शुरू हो गए हैं। एक्ट्रेस आंचल अग्रवाल ने वीडियो पर कमेंट किया, 'आपके लिए बहुत खुश हूं।' वहीं, ईशा देओल ने इसे शानदार बताया। इसके अलावा रोहित रॉय ने लिखा, 'वाह! मुबारक मेरे भाई।' सेलेब्स के अलावा यूजर्स भी अपने फेवरेट एक्टर के पोस्ट पर जमकर कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'अद्भुत! शुभकामनाएं! विश्वास नहीं हो रहा है कि हम आपसे मिले हैं।' जबकि एक ने कहा, 'वास्तव में अद्भुत, मैडी !!! फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।' इसके अलावा कई फैंस इस पोस्ट पर हार्ट इमोजी बनाकर अपने फेवरेट एक्टर पर प्यार लुटा रहे हैं।
बता दें कि कान 2022 में वाहवाही लूटने के बाद रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट की टीम अब 12 दिनों के प्रचार दौरे के लिए अमेरिका पहुंच गई है। यह फिल्म एक जुलाई को दुनियाभर में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म भारतीय वैज्ञानिक नंबी नारायण के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में माधवन ने मुख्य भूमिका निभाई है।