मुंबई। एस एस राजामौली भारतीय सिनेमा के टॉप डायरेक्टर्स में से एक बन गए हैं। उनकी फिल्म 'बाहुबली' और 'बाहुबली 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के झंडे गाड़ दिए थे। इन दोनों फिल्म की कमाई ने एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसे तोड़ना किसी भी फिल्म के लिए आसान नहीं है।
फिल्म को दर्शकों ने बेहद पसंद किया था। ऐसे में अब ओटीटी पर भी वेब सीरीज के रूप में 'बाहुबली' को लाने की तैयारी हो रही है और इस सीरीज में बाहुबली और भल्लादेव के जन्म के बाद की कहानी को दिखाया जाएगा। दरअसल, ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स वेब सीरीज 'बाहुबली' बनाने की तैयारी में जुट गया है।
एसएस राजामौली
नेटफ्लिक्स ने पहले ही आनंद नीलकांतन की किताब 'राइज ऑफ शिवगामी' के राइट्स खरीद लिए थे। इतना ही नहीं, इस सीरीज पर काम भी शुरू हो गया था। प्रवीन और शत्रु नाम के डायरेक्टर्स मिलकर इस सीरीज को बना रहे थे। लेकिन नेटफ्लिक्स को इसका आउटपुट बिल्कुल भी पसंद नहीं आया। ऐसे में अब नेटफ्लिक्स की तरफ से एसएस राजामौली को इस प्रोजक्ट में शामिल करने की तैयारी हो रही है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नेटफ्लिक्स एसएस राजामौली को इस वेब सीरीज के लिए अप्रोच करेगा। हालांकि, अब तक कुछ भी ऑफिशियल नहीं हुआ है।
टीम-आरआरआर
बता दें कि इन दिनों सिनेमा जगत में निर्देशक एसएस राजामौली का नाम चर्चा में है। उनका नाम जिस भी फिल्म के साथ जुड़ रहा है वही फिल्म फैंस के बीच छा जाती है। बीते दिनों, उनकी फिल्म 'आरआरआर' सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसकी कमाई ने हर किसी को हैरान कर दिया था। फिल्म ने दुनिया भर में 1100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया था और इसमें राम चरण और जूनियर एनटीआर की जोड़ी नजर आई थी। इसके अलावा, फिल्म में आलिया भट्ट और अजय देवगन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
एक्टर प्रभास बाहुबली के किरदार में
'बाहुबली' की बात करें तो इस फिल्म के दो पार्ट 'बाहुबली द बिगनिंग' और 'बाहुबली 2 द कॉन्क्लूजन' रिलीज हो चुके हैं। इस फिल्म के तीसरे पार्ट पर अब तक बात चल रही है। फिल्म में प्रभास, अनुष्का शेट्टी, राणा दग्गुबती, राम्या कृष्णन और तमन्ना भाटिया जैसे सितारे नजर आए थे।