
नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड प्रकरण से जुड़े सवालों का जवाब देने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ईडी के दफ्तर पहुंच गए हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी के समर्थक देशभर में प्रदर्शन करके इसका विरोध कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने दिल्ली में प्रदर्शन की मंजूरी नहीं दी है।
राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ शुरू
नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी पूछताछ के लिए ईडी दफ्तर पहुंच चुके हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी भी मौजूद हैं। ईडी दफ्तर के बाहर कांग्रेसी नेता डटे हुए हैं। कई वरिष्ठ नेता भी बाहर मौजूद हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय( ईडी) की पूछताछ शुरू हो गई है। तीन वरिष्ठ अधिकारियों की टीम उनसे सवाल करने वाली है। वहीं सुरक्षा के लिहाज से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एक किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया है।
अखबार के प्रकाशन के लिए एक ही परिवार को शेयर होल्डिंग दी गई: स्मृति
स्मृति ईरानी ने कहा कि एक कंपनी जो 1930 में गठित होती है उसका नाम एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड है, जिस पर अब गांधी परिवार का कब्जा है। इस अखबार के प्रकाशन के लिए एक ही परिवार को शेयर होल्डिंग दी गई और ये एक ही परिवार को इसलिए दी गई ताकि वे प्रकाशन न करें बल्कि रियल स्टेट का बिजनेस करें।
स्मृति ने आगे कहा कि 2008 में इस कंपनी ने अपने ऊपर 90 करोड़ का कर्ज चढ़ा लिया था और फैसला किया कि अब ये कंपनी प्रोपर्टी के बिजनेस में उतरेगी। 2010 में 5 लाख रूपए से यंग इंडिया नाम की कंपनी बनी और राहुल गांधी इसमें निदेशक के रूप में इसमें सम्मिलित हुए। स्मृति ने कहा कि 75 फीसदी मात्र उनकी हिस्सेदारी थी बाकी उनकी माता जी, मोती लाल बोरा और ऑस्कर फर्नांडीज जैसे नेताओं के पास थी।
ईडी दफ्तर के भीतर राहुल से सवाल, स्मृति का वार
ईडी दफ्तर के भीतर राहुल गांधी से पूछताछ लगातार जारी है। इस बीच भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के समर्थन में कांग्रेस आज उतरी है। जो जेल से बेल पर हैं उन्होंने घोषणा की है कि आओ दिल्ली को घेरो। एक जांच एजेंसी पर दबाव डालने के लिए कांग्रेस शासित मंत्रियों को आमंत्रित किया गया। एजेंसी पर इस तरह से दबाव डालने को आप क्या नाम देंगे?
कांग्रेस भ्रष्टाचार का जश्न मना रही: संबित पात्रा
नेशनल हेराल्ड मामले पर भाजपा नेता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस आज जो कर रही है वह 'जश्न-ए-भ्रष्टाचार' है- भ्रष्टाचार का जश्न मना रही है। कांग्रेस ने फिर से राहुल गांधी मॉड्यूल को भ्रष्टाचार के पैड से लॉन्च करने की कोशिश की है, हम आश्वासन देते हैं कि उनका वही भाग्य होगा, वह फिर से असफल होंगे।
लखनऊ ने कांग्रेस समर्थकों को हिरासत में लिया गया
नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेशी के खिलाफ कांग्रेस समर्थकों ने लखनऊ में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस समर्थकों को हिरासत में लिया गया।
हिरासत में रणदीप सुरजेवाला
रणदीप सुरजेवाला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे।
ईडी दफ्तर के अंदर राहुल से सवाल तो बाहर समर्थकों का बवाल
ईडी दफ्तर के भीतर राहुल गांधी से सवाल-जवाब का दौर जहां जारी है वहीं बाहर कांग्रेस समर्थकों का प्रदर्शन भी जारी है। वहीं मध्य दिल्ली इलाके में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके अलावा कांग्रेस नेता रजनी पाटिल, अखिलेश प्रसाद सिंह, एल हनुमंतैया और थिरुनावुक्करसर को राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन के लिए मंदिर मार्ग पीएस में हिरासत में ले लिया गया है।
कांग्रेस को झुकाने की कोशिश: खड़गे
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमारा काम है विरोध करना अगर वे 144 जारी करके हमें रोकना चाहते हैं तो रोक ले। ये राजनीतिक नहीं है ये लोग सब को परेशान करने की कोशिश कर रहे हैं। ये कांग्रेस को झुकाने की कोशिश कर रहे है लेकिन कांग्रेस झुकने वाली नहीं है। कांग्रेस लड़ती रहेगी और डटी रहेगी।
भ्रष्टाचार भी सत्याग्रह कर सकता है- पात्रा
कांग्रेस ने भाजपा ने निशाना साधा है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, दुनिया देख रही है कि कैसे भ्रष्टाचार भी 'सत्याग्रह' कर सकता है। महात्मा गांधी ने दुनिया को सच्चाई के लिए लड़ना सिखाया जबकि कांग्रेस ने दुनिया को भ्रष्टाचार का जश्न मनाने और उसके लिए लड़ने की शिक्षा दी। गांधी परिवार जमानत पर बाहर है, यह राजनीतिक मामला नहीं है। दिल्ली में कांग्रेस पार्टी मुख्यालय के अंदर पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
आप निःसंदेह सभी निराधार आरोपों से बरी होंगे: रॉबर्ट वाड्रा
राहुल के ईडी के सामने पेश होने से पहले उनके जीजा और बिजनेसमेन रॉबर्ट वाड्रा ने एक भावुक पोस्ट लिखी है। उन्होंने लिखा कि आप निःसंदेह सभी निराधार आरोपों से बरी होंगे। मैं प्रवर्तन निदेशालय के साथ सम्मन का 15 बार सामना कर चुका हूं, और हर सवाल का जवाब दिया है और 23,000 से अधिक दस्तावेजों को वितरित किया है, मेरी पहली कमाई से लेकर अब तक का। उन्होंने आगे लिखा कि मेरा मानना है कि, "सत्य की जीत होगी", और प्रचलित व्यवस्था के इन उत्पीड़न का वह प्रभाव नहीं होगा जो वे चाहते हैं। यह सरकार देश के लोगों को उत्पीड़न के इन तरीकों से नहीं दबाएगी, यह हम सभी को मजबूत इंसान ही बनाएगी। हम यहां हर दिन सच्चाई के लिए लड़ने के लिए हैं और देश के लोग हमारे साथ खड़े हैं।
जब-जब पीएम मोदी डरते हैं वे पुलिस को आगे करते हैं: दिग्विजय सिंह
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब-जब भाजपा और मोदी डरते हैं वे पुलिस को आगे करते हैं। आगे हम जनता की लड़ाई लड़ेंगे। ये केस है ही नहीं... कोई FIR है क्या? यह केस तो मोदी सरकार ने 2014 में शुरू किया और उन्हीं की सरकार ने बिना कोई प्रमाण मिले केस को समाप्त कर दिया।