मुंबई। बीते शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्मों ‘जनहित में जारी’, ‘777 चार्ली’, ‘जुरासिक वर्ल्ड डोमीनियन’ ने रविवार को दर्शकों को अपनी तरफ खींचने की पूरी कोशिश की। रविवार के कलेक्शन के हिसाब से हॉलीवुड फिल्म ‘जुरासिक वर्ल्ड डोमीनियन’ सबसे आगे रही।
इसके बाद ‘777 चार्ली’ का कलेक्शन रहा और बॉक्स ऑफिस पर सबसे फिसड्डी साबित हुई नुसरत भरुचा की फिल्म ‘जनहित में जारी’। इन फिल्मों के अलावा बॉक्स ऑफिस पर पहले से चल रही फिल्मों में ‘सम्राट पृथ्वीराज’ का बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष अब भी जारी है। वहीं कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ ने रिलीज के 24वें दिन शानदार कमाई की।
‘जनहित में जारी’ का करोड़ से भी नीचे
निर्देशक जय बसंतू सिंह की डेब्यू फिल्म ‘जनहित में जारी’ अपने निर्माताओं की उम्मीदों पर रविवार को भी खरी नहीं उतर सकी। फिल्म ने शुक्रवार को 43 लाख और शनिवार को 82 लाख रुपये का कारोबार किया था। रविवार को फिल्म का कलेक्शन इसी उछाल के हिसाब से करीब दो करोड़ रुपये रहने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन फिल्म ने रविवार के शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से एक करोड़ रुपये का भी कारोबार नहीं किया। फिल्म का रविवार का कलेक्शन करीब 94 लाख रुपये बताया जा रहा है।
‘777 चार्ली’ की अच्छी कमाई
अभिनेता रक्षित शेट्टी की कन्नड़ फिल्म ‘777 चार्ली’ का कारोबार फिल्म ‘जनहित में जारी’ से कहीं बेहतर रहा। फिल्म का हालांकि हिंदी पट्टी में अपेक्षित प्रचार न हो पाने के चलते इसके हिंदी संस्करण को तो खासा फायदा नहीं हो रहा है लेकिन फिल्म ने सारी भाषाओं को मिलाकर रविवार को 9.50 करोड़ रुपये का कारोबार शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से कर लिया है। फिल्म ने शुक्रवार औऱ शनिवार को भी अच्छा कारोबार करते हुए करीब 14 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म का अब तक कुल कलेक्शन करीब 23.50 करोड़ रुपये हो चुका है।
हॉलीवुड ने भी किया हंगामा
शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से फिल्म ‘जुरासिक वर्ल्ड डोमिनियन’ ने रविवार को 14 करोड़ रुपये की कमाई सारी भाषाओं के संस्करणों को मिलाकर भारत में की है। फिल्म का पहले वीकएंड का कुल कलेक्शन इस हिसाब से 37.54 करोड़ रुपये हो पाया है। ये कलेक्शन इतना नहीं है कि देश में अब तक रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्मों के पहले वीकएंड के कलेक्शन की टॉप 10 लिस्ट में इसे जगह मिल पाती।
रविवार को कार्तिक का कारनामा
निर्देशक अनीस बज्मी की कार्तिक आर्यन, तब्बू और कियारा आडवाणी की फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ का परचम हिंदी सिनेमा के बॉक्स ऑफिस पर चौथे हफ्ते में भी सबसे ऊंचा फहरा रहा है। फिल्म ने चौथे रविवार को 3.80 करोड़ रुपये की शानदार कमाई शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से की है। फिल्म ने शनिवार को भी 3.01 करोड़ रुपये की बढ़िया कमाई की थी। फिल्म का चौथे वीकएंड का कलेक्शन 8.37 करोड़ रुपये रहा और इसी के साथ फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर नेट कमाई अब 171.52 करोड़ रुपये हो गई है।
पसंद नहीं आ रहे अक्षय के अंदाज
यशराज फिल्म्स की पिक्चर ‘सम्राट पृथ्वीराज’ ने भी रविवार को थोड़ा जोर लगाया और शुरुआती आंकड़ों के हिसाब से करीब 3.25 करोड़ रुपये की कमाई करने में कामयाबी हासिल की। फिल्म का अब तक कुल कलेक्शन करीब 62 करोड़ रुपये हो चुका है जो फिल्म की लागत और इसके हीरो अक्षय कुमार की ब्रांड वैल्यू को देखते हुए काफी कम है। फिल्म ‘सम्राट पृथ्वीराज’ करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बनी फिल्म है और अगर ये फिल्म इस हफ्ते के बाद अगले हफ्ते भी बॉक्स ऑफिस पर टिकी रहती है तो फिल्म का कलेक्शन 72 करोड़ रुपये के आसपास तक पहुंच सकता है।