मुंबई। अयान मुखर्जी की ब्रह्मास्त्र 2022 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की यह फिल्म 9 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं ब्रह्मास्त्र का ट्रेलर 15 जून को रिलीज किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि मेगास्टार चिरंजीवी कथित तौर पर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का अहम हिस्सा बनने जा रहे हैं। वहीं सोमवार को इन अटकलों पर विराम लगाते हुए फिल्म प्राेड्यूसर करण जौहर ने इस बात की पुष्टि कर दी है।
करण जौहर ने सोशल मीडिया पर फिल्म का टीजर जारी करते हुए जानकारी दी है कि फिल्म के तेलुगू वर्जन में मेगास्टार चिरंजीवी की आवाज होगी। करण लिखते हैं, 'टीम ब्रह्मास्त्र में आपका स्वागत है, चिरंजीवी सर! बहुत आभारी और सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि आपने फिल्म के तेलुगू संस्करण को अपनी आवाज दी है। अपनी असीम प्रतिभा और भव्यता से इस परिवार को और मजबूत बनाने के लिए धन्यवाद!'
एस एस राजामौली का मिल चुका है साथ
फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' को हिंदी में पेश करने के लिए रणबीर कपूर और आलिया भट्ट काफी हैं लेकिन साउथ में इस फिल्म को प्रस्तुत करने के लिए 'बाहुबली' निर्देशक एसएस राजामौली ने जिम्मेदारी उठाई है। एस एस राजामौली इस फिल्म को चार भाषाओं में प्रस्तुत करेंगे। बीते दिनों, रणबीर कपूर दक्षिण राज्य में अपनी इस फिल्म का प्रमोशन करने पहुंचे थे। तब एस एस राजामौली भी अभिनेता के साथ थे।
फिल्म की स्टार कास्ट
ब्रह्मास्त्र को बनने में लगभग पांच साल लग गए हैं। रणबीर और आलिया के अलावा, अयान मुखर्जी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, नागार्जुन, मौनी रॉय और डिंपल कपाड़िया भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। पिछले दिनों फिल्म निर्माताओं ने बिग बी और नागार्जुन का फर्स्ट लुक रिलीज किया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। यह फिल्म 9 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसका ट्रेलर 15 जून को रिलीज होगा।