Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। जून का आधा महीना बीत चुका है और पिछले दोनों हफ्तों में ही सिनेमाघरों में जबरदस्त फिल्में रिलीज हुईं। बीते दोनों हफ्तों में बड़े पर्दे पर बॉलीवुड से लेकर साउथ और हॉलीवुड तक तीनों इंडस्ट्री ने अपना दमखम दिखाया। 

जहां बॉलीवुड के स्टार कार्तिक आर्यन की फिल्म 'भूल भुलैया 2' रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है, वहीं खिलाड़ी कुमार का हाल बॉक्स-ऑफिस पर एक बार फिर बेहाल नजर आया। 'विक्रम' और 'मेजर' ने  बढ़िया प्रदर्शन दिखाते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। 

इसके साथ ही पिछले हफ्ते रिलीज हुई नुसरत भरूचा की सामाजिक मुद्दे पर बनी फिल्म 'जनहित में जारी', जहां बढ़िया पटकथा के बावजूद दर्शकों को आकर्षित करने में विफल रही। वहीं, हॉलीवुड फिल्म 'जुरासिक वर्ल्ड डोमिनियन' ने बड़े पर्दे पर हॉलीवुड का रुआब कायम रखा। 

इन फिल्मों की रिलीज के साथ पिछला हफ्ता खत्म हो गया है और एक नए हफ्ते की शुरुआत होने जा रही है, जिसमें एक से बढ़कर एक फिल्में रिलीज होने वाली हैं। तीसरे हफ्ते  में भी हमें बॉक्स-ऑफिस पर तीन बॉलीवुड फिल्मों की भिडंत देखने को मिलेगी। आइए जानते हैं इस हफ्ते आपका मनोरंजन करने के लिए कौन-सी फिल्में रिलीज होने जा रही हैं। 

फिल्म का नाम-  'निकम्मा'
कब होगी रिलीज-  17 जून, 2022
सब्बीर खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिनेत्री भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु दस्सानी, शिर्ली सेटिया और शिल्पा शेट्टी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह एक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्माण सब्बीर खान, सोनी पिक्चर्स के साथ मिलकर कर रहे हैं। फिल्म 'निकम्मा' 17 जून को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। 

फिल्म का नाम-  'खुदा हाफिज 2'
कब होगी रिलीज-  17 जून, 2022
बॉलीवुड अभिनेता विद्युत जामवाल और एक्ट्रेस शिवालिका ओबेरॉय अभिनीत यह थ्रिलर फिल्म साल 2020 में रिलीज हुई फिल्म 'खुदा हाफिज' का सीक्वल है, जिसे लोगों की बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। फारुक कबीर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विद्युत जामवाल एक खुफिया अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे। सस्पेंस से भरपूर इस फिल्म की कहानी एक सच्ची घटना पर आधारित है। फिल्म में दिखाया जाएगा कि किस तरह भारतीय खुफिया अधिकारियों ने पूरे पाकिस्तानी प्रतिष्ठान को हिला कर रख दिया था।

फिल्म का नाम- 'इत्तू सी बात' 
कब होगी रिलीज-  17 जून, 2022
सामाजिक मुद्दों को दर्शाती फिल्मों का निर्देशन करने के लिए पहचाने जाने वाले निर्देशक लक्ष्मण उतेकर 17 जून को अपनी अगली फिल्म 'इत्तू सी बात' लेकर आ रहे हैं। 'इत्तू सी बात' पहले प्यार और बेतहाशा वादों की दिल को छू लेने वाली कहानी है। वाराणसी की गलियों में शूट की गई इस फिल्म में भूपेंद्र जादावत और गायत्री भारद्वाज मुख्य भूमिकाओं में हैं।

फिल्म का नाम-  'पोस्टी' 
कब होगी रिलीज- 17 जून, 2022
'पोस्टी' में बब्बल राय और सुरीली गौतम के बीच एक प्रेम कहानी के साथ-साथ पंजाब में फैली हेरोइन की लत को दिखाया जाएगा। फिल्म का निर्देशन राणा रणबीर ने किया है, 'पोस्टी' को गिप्पी ग्रेवाल के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म में बब्बल राय, सुरीली गौतम, प्रिंस केजे सिंह, राणा रणबीर, वड्डा ग्रेवाल, राघवीर बोली, जस ढिल्लों, मलकीत रौनी, राणा जंग बहादुर, तरसेम पॉल और सीमा कौशल जैसे स्टार्स मुख्य भूमिकाओं में हैं।

फिल्म का नाम-  'शिकरा'
कब होगी रिलीज- 17 जून, 2022
'शिकरा' एक पंजाबी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जो 17 जून को रिलीज की जाएगी। फिल्म में पंजाबी इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांज मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे।  

फिल्म का नाम-   'केरोसीन'  
कब होगी रिलीज- 17 जून, 2022
'केरोसीन' एक तेलूगू फिल्म है, जिसमें ध्रूवा, भावना मनीकंदन, प्रीति सिंह और अन्य स्टार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस सस्पेंस थ्रिलर फिल्म में एक्शन और क्राइम भरपूर मात्रा में दिखाया जाएगा। फिल्म को बिग हिट प्रोडक्शन्स के बैनर के तले बनाया गया है।  

फिल्म का नाम-  'वाशी' 
कब होगी रिलीज- 17 जून, 2022
साउथ की मशहूर अभिनेत्री कीर्ति सुरेश और टोविनो थॉमस स्टारर फिल्म 'वाशी' 17 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह एक कोर्टरूम ड्रामा है, जो दो वकीलों की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों एक केस जीतने के लिए कोर्ट को जंग का मैदान बना देते हैं।   

फिल्म का नाम- 'आठवां रंग प्रेमाचा'
कब होगी रिलीज-  17 जून,2022
'आठवां रंग प्रेमाचा' एक मराठी फिल्म है, जिसमें रिंकू राजगुरु, मकरंद देशपांडे, विशाल आनंद, आयुष्मान राम त्रिपाठी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन खुशबू सिन्हा ने किया है। यह एक प्रेम कहानी को दर्शाती है।

फिल्म का नाम- 'मीडियम स्पाइसी
कब होगी रिलीज-  17 जून,2022
'मीडियम स्पाइसी' एक मराठी फिल्म है, जो आज के समय में मुंबई में रहने वाले तीन युवाओं की कहानी दिखाती है। फिल्म की कहानी एक शेफ के इर्द-गिर्द घूमती है, जो मराठी परिवार से ताल्लुक रखती है। उसे अचानक से पेरिस जाने का मौका मिलता है, लेकिन कहानी में ट्विस्ट यही है कि क्या वह पेरिस जा पाएगी?  मोहित टाकलकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में ललित प्रभाकर, साईं तम्हंकर और परना पेठे मुख्य भूमिकाओं में हैं।

फिल्म का नाम- 'लाइटईयर' 
कब होगी रिलीज-  17 जून,2022
'जुरासिक वर्ल्ड डोमिनियन' के बाद अब इस हफ्ते आपके लिए डिज्नी पिक्सार की एनिमेटिड फिल्म 'लाइटईयर' रिलीज हो रही है। यह फिल्म एक साई-फाई एक्शन-एडवेंचर फिल्म है, जो दर्शकों के सामने 'टॉय स्टोरी' के बज लाइटईयर की कहानी लेकर आएगी। फिल्म में उसकी अंतरिक्ष यात्रा को दिखाया जाएगा।