मुंबई। अभी तक आपने बॉलीवुड इंडस्ट्री में रीमेक बनते सुना होगा। लेकिन हम आज आपके लिए एक ऐसी खबर लेकर आए हैं, जिसे सुन आप लोगों चौंक जाएंगे। नए-नए और फ्रेश कंटेंट को पेश करने के लिए पहचाने जाने वाले ओटीटी प्लेटफॉर्म्स भी अब रीमेक्स की राह पर चल पड़े हैं।
फिल्मों के बाद अब हमें रीमेक वेब सीरीज भी देखने को मिलने वाली हैं। हाल ही में अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने घोषणा की है कि वह दुनियाभर में मशहूर इजरायली ड्रामा सीरीज 'फौदा' का इंडियन अडैप्शन लेकर आ रहे हैं। इस हिंदी रीमेक सीरीज का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सुधीर मिश्रा द्वारा किया जाएगा।
यहां रिलीज होगी 'तनाव'
मेकर्स ने इजरायली सीरीज 'फौदा' के इस रीमेक का नाम 'तनाव' रखा है और यह सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म 'सोनी लिव' पर स्ट्रीम की जा सकेगी। यह एक सोशल पॉलिटिकल ड्रामा है, जो साल 2017 में कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस सीरीज में स्पेशल कोवर्ट ऑप्स यूनिट की बहादुरी की कहानी दिखाई जाएगी, जिसमें हमें प्यार, नुकसन, धोखा और बदले जैसी भावनाओं का मिश्रण देखने को मिलेगा।
स्टार कास्ट में शामिल बड़े-बड़े नाम
इस सीरीज की हर बात निराली है, चाहे वह शूटिंग की जगह हो या फिर इसकी स्टार कास्ट। सीरीज की शूटिंग कश्मीर की लोकेशन पर बड़े पैमाने पर की जा रही है, जो 100 दिनों के अंदर-अंदर खत्म की जानी है। सामने आती जानकारी में बताया जा रहा है कि सीरीज में 12 से ज्यादा एपिसोड होंगे। मेकर्स द्वारा वादा किया गया है कि इसकी कहानी को बहुत ही मजबूती से सबके सामने पेश किया जाएगा, जिसके लिए इसकी स्टार कास्ट को भी बड़ी ध्यान से चुना गया है। 'तनाव' में अरबाज खान, मानव विज, सुमित कौल, रजत कपूर, शशांक अरोड़ा, जरीन खान, एकता कौल, वलूचा डिसूजा, दानिश हुसैन, सत्यदीप मिश्रा, सुखमनी सदाना, साहिबा बाली, अमित गौर, अर्सनल गोनी, रॉकी रैना, एम.के.रैना, शीन दास और आर्यमन सेठ जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'फौदा' के मेकर्स ने ऐसे दिया रिएक्शन
पॉपुलर सीरीज 'फौदा' ने दुनियाभर में बहुत प्रसिद्धी हासिल की थी। इसके मेकर्स को सीरीज में दिखाई गई सच्चाई को सही ढंग से पेश करने के लिए दर्शकों ने बहुत प्यार और सम्मान दिया था। भारत में इस सीरीज का रिमेक बनने की बात सुनकर 'फौदा' ने सह-निर्माता अवि इस्साचारॉफ बहुत खुश हैं। उनका कहना है,"हम फौदा के इंडियन अडैप्शन तनाव के बारे में सुनकर बहुत खुशी और गर्व महसूस कर रहे हैं। यह हमारे लिए एक सच्चा सम्मान है कि फौदा इतने सारे लोगों के दिलों को छूने में सफल रहा।"