Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। छोटे पर्दे से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सुशांत सिंह राजपूत ने बड़े पर्दे पर भी अपने अभिनय का जादू चलाया है। दो साल पहले महज 32 साल की उम्र में सुशांत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था, जिससे फैंस ही नहीं पूरी इंडस्ट्री को धक्का लगा था। 

'पवित्र रिश्ता' से घर-घर में पहचान बनाने वाले सुशांत को लोग आज भी बहुत याद करते हैं। सुशांत ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है, जो हमेशा उन्हें सभी के बीच मौजूद रखेंगी। आज हम आपको सुशांत की कुछ ऐसी ही बेहतरीन फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आप घर बैठे देख सकते हैं।

काई पो चे
टीवी के बाद सुशांत सिंह राजपूत ने 'काई पो चे' से बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था। यह फिल्म 2013 में आई थी, जिसमें सुशांत सिंह राजपूत की एक्टिंग को काफी पसंद किया गया था। इस फिल्म में सुशांत के अलावा अमित साध और राजकुमार राव ने भी अहम भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में तीनों दोस्तों की कहानी दिखाई गई है, जो एक हादसे के बाद पूरी तरह से बदल जाती है। इस फिल्म को नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है।

एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी
'एमएस धोनी-द अनटोल्ड स्टोरी' सुशांत की बेहतरीन फिल्मों में से एक है। यह फिल्म एमएस धोनी की बायोपिक है, जो 2016 में रिलीज हुई थी। यह फिल्म सुशांत के करियर का टर्निंग प्वाइंट थी, जिसमें उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई थी। इस फिल्म में उनके अलावा कियारा आडवाणी और दिशा पाटनी ने मुख्य भूमिका निभाई थी। यह फिल्म डिज्नी हॉटस्टार पर उपलब्ध है।

केदारनाथ
इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान पहली बार एक साथ नजर आए थे। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। फिल्म की कहानी 2013 में आई उत्तराखंड की बाढ़ पर आधारित थी, जो 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में सुशांत एक मुस्लिम पिट्ठू के किरदार में नजर आए थे, जो भक्तों को केदारनाथ मंदिर तक ले जाते थे।

सोनचिड़िया
यह फिल्म चंबल जिले के डकैतों के जीवन पर आधारित है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपना कमाल नहीं दिखा पाई थी, लेकिन क्रिटिक्स ने इस फिल्म की तारीफ की थी। फिल्म ने डाकू के किरदार में सुशांत की एक्टिंग सभी को बहुत पसंद आई थी। इसमें सुशांत के अलावा मनोज वाजपेयी, रणवीर शौरी और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म 2019 में आई थी। इसे आप जी5 पर देख सकते हैं।

छिछोरे
'छिछोरे' सुशांत की सबसे बेहतरीन फिल्म है, जिसमें उन्होंने जवानी और बुढ़ापे दोनों के किरदार निभाए थे और शानदार लगे थे। यह फिल्म 2019 में आई थी। इस फिल्म में सुशांत के अलावा श्रद्धा कपूर, वरुण शर्मा, प्रतीक बब्बर, ताहिर राज भसीन सहित कई सितारे थे। इस फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार भी अपने नाम किया था। यह फिल्म डिज्नी प्लस हॉटस्टर पर उपलब्ध है। 

दिल बेचारा
'दिल बेचारा' सुशांत की आखिरी फिल्म थी, जो 2020 में उनके निधन के बाद रिलीज हुई थी। यह मैनी और कीजी बासु की कहानी है, जिसमें कीजी को थायराइड कैंसर है और मैनी भी कैंसर से जूझ रहा है। मैनी कीजी को जीवन में खुलकर जीने की सीख देकर खुद ही दुनिया से चला जाता है। इस फिल्म में सुशांत के किरदार को देख दर्शक काफी इमोशनल भी हुए थे। इसे आप डिज्नी हॉटस्टार पर देख सकते हैं।