मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत में छाए संकट के बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। हालांकि, तत्काल कोई फैसला नहीं हो सका, इसके बावजूद बागी विधायकों को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है।
गुवाहाटी पहुंचे 16 विधायकों की अयोग्यता को लेकर डिप्टी स्पीकर की ओर से दिए गए नोटिस पर 12 जुलाई तक कोर्ट ने रोक लगा दी है। इस बीच शिवसेना नेता संजय राउत को प्रवर्तन निदेशालय ने नोटिस भेजा है। जमीन घोटाले मामले में राउत को ईडी ने आज तलब किया है।
शिंदे गुट के संभावित मंत्री
एकनाथ शिंदे
दादा भुसे
अब्दुल सत्तार
दीपक केसरकर
गुलाबराव पाटील
राजेन्द्र पाटील
बच्चू काडू
संदीपन भूमरे
प्रकाश आबिदकर
उदय सामंत
संजय रैमुलकर
शंभुराज देसाई
संजय शिरसाट
फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना
महाराष्ट्र में नई सरकार को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस बीच खबर है कि भाजपा नेता व महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
आज शिवसैनिकों से मिलेंगे आदित्य ठाकरे
महाराष्ट्र में छाए सियासी संकट के बीच शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे आज शिवसैनिकों से मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि आदित्य ठाकरे शाम साढ़े छह बजे शिवसैनिकों से मुलाकात कर सकते हैं।
संजय राउत ने ईडी से मांगा समय
एक जमीन घोटाले में ईडी का समन आने के बाद शिवसेना नेता संजय राउत ने जांच एजेंसी से समय मांगा है। दरअसल, ईडी ने संजय राउत को सोमवार को समन भेजा था। उन्हें पूछताछ के लिए आज ईडी कार्यालय में तलब किया गया था। हालांकि, संजय राउत की ओर से ईडी कार्यालय में वकील को पेश किया गया। बताया जा रहा है कि वह पूछताछ के लिए आगे की तारीख की मांग करेंगे।
उद्धव ने बुलाई कैबिनेट की बैठक
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर 2.30 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। वहीं बागी एकनाथ शिंदे को भाजपा डिप्टी सीएम बना सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि शिंदे गुट के आठ विधायकों को कैबिनेट मंत्री और पांच को राज्य मंत्री बनाया जा सकता है।
भाजपा ने शुरू की सरकार बनाने की कवायद
महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक उथल- पुथल के बीच भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भाजपा और शिंदे गुट मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। हालांकि, अभी मंत्री पद को लेकर मंथन चल रहा है। शिंदे गुट से आठ विधायक कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं। वहीं पांच राज्य मंत्री बनाए जा सकते हैं।
बागी विधायकों को आराम करने का आदेश- संजय राउत
डिप्टी स्पीकर द्वारा शिवसेना के बागी विधायकों को भेजे गए नोटिस और सुप्रीम कोर्ट द्वारा 11 जुलाई तक लगाई गई रोक पर शिवेसना नेता संजय राउत ने पलटवार किया है। संजय राउत ने कहा, गुवाहाटी जा चुके विधायकों के लिए महाराष्ट्र में कोई काम नहीं है। उनके लिए वहां पर 11 जुलाई तक आराम करने का आदेश दिया गया है।