Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। वुमन्स डे के खास मौके पर जी5 और टीवीएफ ने एक साथ अपनी पहली ऑरिजिनल सीरीज 'सास बहू आचार प्राइवेट लिमिटेड' का एलान किया था। अब इस बहुप्रतीक्षित सीरीज का ट्रेलर सामने आ गया है। छह एपिसोड वाली इस वेब सीरीज का प्रीमियर 8 जुलाई को जी5 पर होगा। 

इस सीरीज में नेशनल अवॉर्ड विनिंग एक्टर अमृता सुभाष के साथ यामिनी दास, अनूप सोनी, अंजना सुखानी और आनंदेश्वर द्विवेदी भी हैं। बता दें कि यह सीरीज हिंदी में उपलब्ध होगी। इसे अरुणाभ कुमार और अपूर्व सिंह कार्की द्वारा निर्मित किया गया हैं, वहीं इसका निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की ने किया हैं और अभिषेक श्रीवास्तव और स्वर्णदीप बिस्वास ने लिखा है।

आत्मनिर्भर बनने के लिए अचार का सहारा
बता दें कि 'सास बहू आचार प्रा. लिमिटेड' पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक में रहने वाली सुमन (अमृता सुभाष ) की कहानी है। सुमन आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए आचार का बिजनेस शुरू करती है। इस सीरीज में सुमन का किरदार अमृता सुभाष निभा रही हैं। वहीं दिलीप के रूप में अनूप सोनी नजर आएंगे और सुमन की सास के रूप में यामिनी दास नजर आएंगी। दिलचस्प बात यह है कि सीरीज में जहां अमृता का अपने पति से रिश्ता कड़वा है, वहीं सास से काफी मजबूत रिश्ता है।

मजबूत रोल में नजर आईं अमृता 
ट्रेलर की शुरुआत में सुमन (अमृता सुभाष) की सास ( यामिनी दास) पंडित जी से कहती नजर आती है, 'यह मेरी बहू है पंडित जी, जरा हाथ देखो ना इसका'। पंडित जी हाथ देखते हुए कहते हैं, 'बेटा शनि रेखा तो है ही नहीं तुम्हारी।' इसके बाद सुमन की जिंदगी में एक भूचाल आता है और उसकी शादीशुदा जिंदगी पटरी से उतर जाती है। वह बच्चों की कस्टडी लेती है तो पति का ताना मिलता है, 'कर पाओगी बच्चों की परवरिश?' सुमन हिम्मत दिखाती है और एक साल का समय मांगती है। 

इस एक साल में वह आर्थिक मजबूती के लिए अचार का बिजनेस चुनती है। बसों में अचार बेचने निकलती है। बातें सुनती है, टूटती है और रोती है। उसे इस बात का अफसोस होता है कि उसे कोई बिजनेस चलाने के लिए तैयार ही नहीं किया गया था। न किसी ने पढ़ाया न किसी ने लिखाया। सिर्फ शादी के सपने दिखाए गए। जब बुरे हालातों ने जिंदगी में दस्तक दे दी है तो क्या वह सामना कर पाएगी? यही इस फिल्म की कहानी है, जिसकी झलक ट्रेलर में भी है। आखिर में सुमन कहती नजर आती है, 'पंडित जी रेखाओं ने तो सबकी मंजिल तय कर रखी हैं, पर इसका मतलब यह थोड़ी है कि हम कर्म ही न करें।'

सास-बहू की केमिस्ट्री है कमाल
बता दें कि 'सास बहू आचार प्रा. लिमिटेड' के जरिए सुमन के किरदार ने आज के जमाने की उन लड़कियों की कहानी को सामने लाने की कोशिश की है, जो तलाक लेने के बाद अपनी पहचान बानने के लिए बिजनेस की दुनिया में उतरती है और संघर्ष से गुजरती हैं। सीरीज को लेकर अमृता सुभाष का कहना है कि 'सास बहू आचार' एक खास प्रोजेक्ट है, सुमन का रोल मैंने निभाया है। यह मेरे किसी भी किरदार से अलग है। सुमन का संघर्ष दुखद नहीं, बल्कि आकर्षक है। वह दूसरों को प्रेरित करती है।

इस पूरे संघर्ष में पूरा परिवार उसकी ताकत बनता है। मुझे खुशी है कि इसमें मुझे इतनी मजबूत महिला का रोल अदा करने का मौका मिला। वहीं, यामिनी दास का कहना है, 'मेरे लिए शो की सबसे आकर्षक बात सास-बहू का रिश्ता है। अक्सर भारतीय शो में सास-बहू के बीच अच्छी केमिस्ट्री नहीं दिखाई जाती है। लेकिन, इसमें सुमन की सबसे बड़ी ताकत उसकी सास है।