मुंबई। सिनेमा में इन दिनों सामाजिक मुद्दों को लेकर काफी कंटेंट बनाया जा रहा है। अब इसी कड़ी में ओटीटी प्लेटफार्म भी जुड़ गए हैं और आगामी वेब सीरीज 'झोलाछाप' की घोषणा भी हो गई है। इस सीरीज में एक बार फिर से भारत के गावों की पृष्ठभूमि को केंद्र में रखकर बनाया गया है। इस सोशल ड्रामा वेब सीरीज में गांवों की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर चोट की जाएगी। झोलाछाप जैसा कि नाम से ही समझ गए होंगे कि इसका उद्देश्य मनोरंजन के साथ ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य संकट को उजागर करना है।
ग्रामीण भारत की लचर स्वास्थ प्रणाली पर चोट करती है 'झोलाछाप'
ज्योति प्रकाशन द्वारा निर्मित और निर्देशित 'झोलाछाप' में एक युवा डॉक्टर नेहा की कहानी दिखाई जाएगी, जो स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने और ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक ऐसे गांव में तैनात हो जाती है, जहां पर झोलाछाप डॉक्टरों का बोलबाला है। यहीं से डॉक्टर नेहा की जिंदगी में उथल-पुथल शुरू होती है, जब उसका सामना गांव के जितेंद्र त्यागी और श्याम सुंदर से होता है जो अपने स्वार्थ के लिए साजिश रचते हैं।
सामाजिक संदेश के साथ कॉमेडी और ड्रामा
वेब सीरीज 'झोलाछाप' में डॉक्टर नेहा का किरदार एक्ट्रेस महक मनवानी द्वारा निभाया गया है, वहीं झोलाछाप जितेंद्र के रूप में अभिनेता चित्तरंजन त्रिपाठी नजर आएंगे। इस सीरीज में ड्रामा, कॉमेडी और सामाजिक संदेश सब कुछ देखने को मिलने वाला है।
वूट पर फ्री देख सकते हैं 'झोलाछाप'
सोशल ड्रामा सीरीज 'झोलाछाप' को 4 जुलाई 2022 से वायकॉम 18 की स्ट्रीमिंग सेवा, वूट (Voot) एप पर रिलीज की जाएगी। इस दिलचस्प सीरीज के कुछ छह एपिसोड हैं। सबसे खास बात ये है कि इसे आप फ्री में बिंज वॉच कर सकते हैं।