
रायपुर। भाजपा नेताओं व बजरंग दल के कार्यकर्ता रविवार को भिड़ गए। भाजपा नेताओं ने बजरंग दल के नेता को घर के बाहर पीट दिया। इस पर इसकी शिकायत करने बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने गए तो वहां भी मारपीट हुई।
रविवार की दोपहर राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी तादाद में शहर के सिविल लाइन थाने पहुंच गए। थाने के बाहर इन कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। बवाल बढ़ता देख पुलिस की टीम ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। बजरंग दल के नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ भाजपा नेताओं ने मिलकर राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारी के साथ मारपीट की है। राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष रवि ने बताया कि उनके संभाग प्रमुख पर जानलेवा हमला हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, राजा तालाब में रहने वाले राष्ट्रीय बजरंग दल के संभाग प्रमुख भीम साहू पर भाजपा के दीपक ग्वाल नाम के कार्यकर्ता ने हमला किया था। पुराने झगड़े का बदला लेने की नीयत से दीपक ने अपने साथियों के साथ मिलकर भीम साहू के साथ मारपीट की। उन्हें चोटें भी आई हैं।
इस बात की शिकायत लेकर रविवार को जब राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी तादाद में सिविल लाइन थाने पहुंचे तो दीपक ग्वाल का साथी भाजपा युवा मोर्चा का नेता ललित प्रजापति भी थाने पहुंच गए। यहां पर ललित ने फिर से राष्ट्रीय बजरंग दल के नेताओं के साथ मारपीट की। थाने में हुई इस बदसलूकी की वजह से राष्ट्रीय बजरंग दल के नेता भड़क गए। पुलिस के साथ जबरदस्त नोक-झोंक हुई। ललित के साथ आए भाजपा नेताओं ने भी बवाल कर दिया। दोनों गुटों को शांत कराकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।