Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 नेता प्रतिपक्ष चंदेल ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना 

रायपुर। भाजपा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकारवार्ता में प्रदेश में बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। श्री चंदेल ने कहा कि विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से मुझे विधायक दल का नेता चुना गया। 24 अगस्त को भारतीय जनता युवा मोर्चा बेरोजगारी के मुद्दे पर रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। प्रदेश के लाखों युवा बेरोजगार हैं, भाजयुमो बेरोजगार युवाओं के लिए जंगी प्रदर्शन करेगी। 

नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने घोषणा पत्र में युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। कांग्रेस ने 2,500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का भी वादा किया था, क्या हुआ वादे का? चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आने के बाद से प्रदेश की स्थिति बदतर हो गई है। कानून व्यवस्था पूरी तरीके से बिगड़ गई है। विकास के कार्य बंद हो गए हैं। किसान परेशान हैं। सरकार ने किसानों को बोनस राशि देने का वादा किया था, लेकिन कितनी राशि दी गई बताएं।

नेता प्रतिपक्ष श्री चंदेल ने कहा कि नकली खाद के कारण किसान काफी परेशान हैं। सरकार की धान खरीदी की व्यवस्था से किसान परेशान होकर अपना धान बेचा है। प्रदेश 51 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में डूबा हुआ है। अब कर्ज के ब्याज को पटाने के लिए वापस कर्ज लेना पड़ रहा है, प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब है। पूरे प्रदेश में विकास के काम बंद है। राज्य अराजकता की ओर बढ़ रहा है। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है। इस सरकार ने जितना किसानों का अपमान किया उतना छत्तीसगढ़ बनने के बाद कभी नहीं हुआ था। 

छत्तीसगढ़ के अन्नदाता परेशान हैं
चंदेल ने कहा कि किसानों का कर्जा माफ नहीं हुआ। छत्तीसगढ़ के अन्नदाता परेशान हैं।  छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र की हत्या हो रही है। सरकार गरीब परिवारों का हक छीन रही है। छत्तीसगढ़ सरकार संवैधानिक संकट में फंसी हुई है। छत्तीसगढ़ में सियासत और रियासत की लड़ाई चल रही है। हर वर्ग कांग्रेस की सरकार से परेशान है। हमने तीर्थ यात्रा शुरु की थी, वो सरकार ने बंद कर दिया, राज्य की दुर्दशा कांग्रेस सरकार ने की है। आगामी 2023 में सरकार के असली चेहरे को बेनकाब करते हुए बीजेपी छग में सरकार बनाएगी।