Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 मप्र में आधी रात खोलने पड़े डैम के गेट

दिल्ली/भोपाल/रांची/शिमला। देश के 8 राज्य बारिश से बेहाल हैं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण लगातार 24 घंटे से बारिश हो रही है। पहाड़ों पर लैंडस्लाइड से जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं, मैदानी इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। उत्तराखंड में बाढ़ में फंसे टूरिस्ट्स के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।

मध्यप्रदेश में तेज बारिश की वजह से आधी रात को तवा और बरगी डेम के गेट खोलने पड़े। वहीं, अगले 24 घंटे के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि सोमवार तक मौजूदा सिस्टम कमजोर पड़ सकता है और बारिश से राहत मिल सकती है।

हिमाचल: लैंडस्लाइड और बादल फटने की 34 घटनाएं, 22 की मौत
हिमाचल में बाढ़, लैंडस्लाइड और बादल फटने की 34 घटनाओं में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 22 हो गया है, जबकि 6 लापता हैं। कांगड़ा, मंडी और चंबा जिले में कुदरत का कहर सबसे ज्यादा बरपा। मंडी में 14, चंबा के भटियात में 3 और कांगड़ा व शिमला जिले में 2-2 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक 9 साल की एक बच्ची भी है जिसकी कांगड़ा के शाहपुर में मकान गिरने से जान चली गई।

मध्यप्रदेश : 4 संभागों में रेड अलर्ट, आधी रात खोलने पड़े तवा डैम के गेट
एमपी में बारिश का सिस्टम फिर से एक्टिव हो गया है। राजधानी भोपाल, नर्मदापुरम, विदिशा, छिंदवाड़ा और रायसेन समेत प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है। तवा का जलस्तर बढ़ने पर 5 गेट रात 11 बजे से खोले दिए गए। वहीं नर्मदा पर बने बरगी डैम के 11 गेट आधा मीटर तक खोले गए हैं।

झारखंड : बारिश से जुड़े हादसों में 7 की मौत
झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिलों सहित कोल्हान में कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है। राज्य में तीन लोगों की मौत हो गई है, निचले इलाकों में पानी भर गया और पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। सिंहभूम में एक महिला और रामगढ़ में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि कुछ लोग लापता हैं। नलकारी नदी में एक गाड़ी डूबने से चार लोगों की मौत हो गई।

जम्मू और कश्मीर: वैष्णो देवी यात्रा शुरू, कई नदियों में आई बाढ़
भारी बारिश के कारण एहतियात के तौर पर रोकी गई माता वैष्णो देवी की यात्रा अब फिर से शुरू हो गई है। पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला के ऊपरी इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण राजौरी जिले में दारहाली नदी में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है।

ओडिशा: 70 लोगों को लेकर जा रही नाव महानदी में पलटी
महानदी नदी में आई बाढ़ में 70 यात्रियों को ले जा रही एक नाव पानी में बह गई। ओडिशा फायर सर्विसेस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। महाकालपाड़ा के समुद्री पुलिस अधिकारी प्रकाश चंद्र साहू ने बताया कि हालांकि यह जोखिम भरा था, लेकिन हमने सभी 70 लोगों को बचा लिया।

पंजाब: 3 दिन का यलो अलर्ट, ब्यास के आसपास चेतावनी जारी
पंजाब में सोमवार से अगले तीन दिनों तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके अनुसार अगले तीन दिन पंजाब के कई शहरों में बादल छाएंगे और बारिश होने के आसार हैं। पठानकोट में पानी के तेज बहाव से चक्की दरिया पर बना पुल बंद कर दिया गया है। नाहा प्रभारी नरिंदर कुमार ने कहा कि लोगों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगी है ताकि जनहानि न हो।

उत्तराखंड: बाढ़ के कारण रिजॉर्ट में फंसे टूरिस्ट
पौड़ी गढ़वाल के मोहनचट्टी में अरण्यम रिजॉर्ट में कुछ लोग फंस गए थे। इन लोगों से सभी संपर्क टूट गए थे। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम रेस्क्यू मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ प्रवक्ता के मुताबिक, बचाव कार्य जारी है। उधर ऋषिकेश में भी भारी वर्षा के कारण गंगा नदी का जल स्तर बढ़ गया है।

 

tranding
tranding
tranding