Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 दो दिन पहले कोर्ट ने दी थी जमानत

हैदराबाद। पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ टिप्पणी करने वाले बीजेपी से निलंबित विधायक टी राजा सिंह को गुरुवार को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। इसके पहले उन्हें 23 अगस्त को पैगंबर मुहम्मद पर टिप्पणी मामले में गिरफ्तार किया गया था। शाम को लोकल कोर्ट ने जमानत दे दी थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेलंगाना पुलिस ने राजा सिंह को 41 (ए) सीआरपीसी के तहत दो अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में दर्ज मामलों में गिरफ्तार किया है। ये मामले फरवरी और अप्रैल 2022 में दर्ज किए गए थे।

वहीं, हैदराबाद पुलिस ने बताया कि भाजपा विधायक राजा को पीडी एक्ट के तहत हिरासत में लिया गया है। रिकॉर्ड बताते हैं कि उसके खिलाफ दर्ज 101 आपराधिक मामलों में से वह 18 सांप्रदायिक अपराधों में शामिल हैं। मंगलहाट पुलिस ने बताया कि राजा को चेरियापल्ली सेंट्रल जेल भेजा जा सकता है।

राजा सिंह ने गिरफ्तारी से पहले जारी किया था वीडियो
गुरुवार को गिरफ्तार होने से पहले राजा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें कहा- मुझे आज या कल गिरफ्तार किया जा सकता है। मैं बस इतना कहना चाहूंगा कि अगर कोई मेरे देश, मेरे धर्म को बुरा कहेगा तो मैं उसे उसी की भाषा मे जवाब दूंगा, चाहे इसकी सजा जो भी हो अब हिन्दू पीछे हटने वाला नहीं। आशा करता हूं कि इस धर्मयुद्ध में हर हिन्दू मेरा साथ देगा।

दो दिन पहले कोर्ट ने जमानत पर छोड़ा था
23 अगस्त को पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद राजा को नामपल्ली कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने पहले उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया, लेकिन बाद में ऑर्डर वापस लेते हुए राजा को चेतावनी देते हुए बेल दे दी थी। दूसरी तरफ भाजपा ने राजा को सस्पेंड करते हुए उन्हें शोकॉज नोटिस जारी कर दिया था। जवाब देने के लिए 14 दिन दिए गए हैं।

तीसरे दिन भी राजा के खिलाफ प्रदर्शन जारी
राजा के बयान के बाद 23 अगस्त से हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी राजा की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। गिरफ्तारी के समय राजा के घर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई। भीड़ ने जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारे लगाए।​​​​​

प्रदर्शनकारियों ने फिर लगाए सिर तन से जुदा... के नारे
राजा के खिलाफ हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन जारी हैं। नाराज भीड़ ने 'गुस्ताखे नबी की एक ही सजा, सिर तन से जुदा' के नारे लगाते हुए राजा की गिरफ्तारी की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों ने टी राजा के बयान की तुलना पूर्व भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान से की थी। 

मुनव्वर फारुकी के खिलाफ जारी किया था वीडियो
राजा ने मंगलवार 23 अगस्त को कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया था। इस वीडियो में पैगंबर मोहम्मद के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने इसे मजाक बताया था।