
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में बुधवार को भाजयुमो-भाजपा के हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन के बाद अब पुलिस एक्शन में आ गई है। प्रदर्शन के दौरान की गई वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के जरिए पुलिस ने 20 नामजद सहित अन्य भाजपाइयों पर मामला दर्ज किया है। इनके ऊपर हंगामे, तोड़फोड़, शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य मामले शामिल होने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, जगदलपुर के कार्यकर्ता अविनाश श्रीवास्तव, आनंद झा और अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। ओसीएम चौक के पास पुलिस को लाठीचार्ज के लिए उकसाने, अपशब्दों का प्रयोग करने, जवानों से अभद्रता और धक्कामुक्की का आरोप है। वहीं तुषार चोपड़ा और अन्य पर पुलिस से अभद्रता, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पंचशील नगर में बैरिकेड के पास शुभम गुप्ता निवासी अकलतरा, सोनू सिंह निवासी अकलतरा, रवि पांडे निवासी जांजगीर चांपा, नरोत्तम गव्हेल निवासी मालखरोदा, सुमित पांडे निवासी अकलतरा, राजकुमार चंद्रा निवासी जांजगीर-चांपा, गिरधर गोपाल चंद्रा निवासी जैजैपुर, मनोज कुमार साहू निवासी जैजैपुर, करण कुमार यादव निवासी अकलतरा, सुनील सिंह निवासी अकलतरा और अन्य भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर भी सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज किया गया है। इन सभी पर तोड़फोड़, अभद्रता, पुलिस कर्मचारियों को धक्का देने, उन्हें चोट पहुंचाने, शासकीय काम में बाधा डालने के आरोप हैं।
शहीद भगत सिंह चौक पर निखिल सिंह राठौर निवासी भानुप्रतापपुर, राज कमल राठौर निवासी सक्ती, सतनाम सिंह निवासी रायगढ़, सूरज शर्मा निवासी रायगढ़, मयूरेश केसरवानी निवासी सारंगढ़, आलोक पटेल निवासी डभरा चंद्रपुर और अन्य के द्वारा तोड़फोड़ करने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस कर्मचारियों को धक्का देने, शासकीय कार्यों में बाधा पहुंचाने, पुलिस कर्मचारियों पर हमला कर उन्हें घायल करने के आरोप में सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज किया गया है। एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर और लोगों की भी पहचान की जा रही है। इन सब पर कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता तुषार गुप्ता के थप्पड़ मारने पर नाराजगी
भाजपा नेता तुषार गुप्ता का एक वीडियो सामने आया है। ये पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते दिख रहे हैं। इसमें अचानक तुषार ने एक थप्पड़ उन्हें रोक रहे जवान को मार दिया। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख सुशील आंनद शुक्ला ने इस मामले में कहा- अभद्रता गुंडागिरी की सारी सीमाओं को पार कर दिया भाजपाईयों ने। एनएसयूआई नेता हनी बग्गा ने कहा है कि पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारने वाले भाजपा नेता तुषार चोपड़ा की गिरफ्तारी हो, ये मांग लेकर हम एसएसपी से मिलेंगे।
रायपुर पुलिस की तरफ से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी, भारतीय जनता युवा मोर्चा के लगभग 8 से 9 हजार नेता और कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और बैरिकेड तोड़कर पुलिसकर्मियों के साथ झूमा-झटकी की। कुछ पुलिस वालों को चोटें आईं और कुछ को फ़्रैक्चर हुआ है। कांग्रेस पार्टी ने इस मामले में एक वीडियो जारी किया है। इसमें महिला पुलिकर्मी दावा कर रही हैं कि भाजपा के प्रदर्शनकारियों ने उनके बाल खींचे और धक्का दिया।