Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने झारखंड में एक लड़की की निर्मम हत्या के मामले में मंगलवार को न्याय की मांग उठाते हुए कहा कि अपराधियों को त्वरित और सख्त सजा मिलनी चाहिए।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि झारखंड की अंकिता के साथ हुई हैवानियत से शर्मसार हुआ है और आरोपी को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस तरह की दरिंदगी को अंजाम देने वालों के कारण हर भारतीय का सिर शर्म से झुक गया है। उनका कहना था कि देश में महिलाओं को सुरक्षा का माहौल देने की सख्त जरूरत है और आरोपी को जल्द से जल्द सजा दी जानी जरूरी है।

श्री गांधी ने ट्वीट कर कहा “अंकिता के साथ हुई हैवानियत के बाद उसकी मृत्यु ने हर भारतीय का सिर शर्म से झुका दिया है। आज, देश में महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने की सख़्त ज़रुरत है। अंकिता और उसके परिवार को न्याय तभी मिलेगा जब इस दरिंदगी को अंजाम देने वाले को जल्द से जल्द कड़ी सज़ा मिलेगी।”
गौरतलब है कि झारखंड में दुमका में 23 अगस्त को 12वीं की छात्रा अंकिता को उसी के पड़ोस में रहने वाले एक सनकी युवक ने पेट्रोल छिड़कर आग के हवाले कर दिया था। वह लम्बे समय से अंकिता पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। 

प्रियंका गांधी ने कहा, "अपराध की रोकथाम व न्याय के लिए जरुरी है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में सख्त व जल्द कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाए।"

गौरतलब है कि 23 अगस्त को झारखंड के दुमका में एकतरफा प्रेम के मामले में शाहरुख नामक युवक ने एक युवती के कमरे में खिड़की से कथित तौर पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। इस घटना के समय युवती अपने कमरे में सो रही थी और वह बुरी तरह झुलस गई।

युवती को बेहतर इलाज के लिए रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया जहां रविवार को तड़के उसकी मौत हो गई। आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया गया है।