Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कार लेकर गेट में पहुंचे भाजयुमो अध्यक्ष; कहा-ये अय्याशी कर रहे

रायपुर। झारखंड से रायपुर आए विधायकों का भाजपा ने विरोध करना शुरू कर दिया है।  भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मेफेयर रिजॉर्ट का घेराव कर दिया। नवा रायपुर पहुंचकर भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल किया। भाजयुमो अध्यक्ष अमित साहू कार से मेफेयर में घुसने की कोशिश की। इन्हें काबू करने में पुलिस को भी भारी मशक्कत करनी पड़ी। बड़ी तादाद में मेफेयर रिसॉर्ट के बाहर पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू मेफेयर रिजॉर्ट के दूसरे गेट से अपनी कार लेकर अंदर जाने लगे। इतने में पुलिस ने उन्हें रोका। इस पर अमित साहू के समर्थक पुलिस से भिड़ गए। साहू की कार गेट के बाहर खड़ी थी और पुलिस के साथ कार्यकर्ता धक्का-मुक्की कर रहे थे।

बवाल बढ़ता देख पुलिस ने भी मेफेयर रिजॉर्ट के अंदर मौजूद अपनी कार को अमित साहू की कार के सामने खड़ा कर दिया। इसके बाद हंगामा बढ़ गया। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी हुई। कार्यकर्ता बैरिकेड हटाकर गेट के भीतर जाने लगे। कुछ देर चली धक्का-मुक्की के बाद भाजयुमो कार्यकर्ता मेफेयर के दूसरे गेट पर पहुंच गए।

रिसॉर्ट के मुख्य गेट से कुछ दूरी पर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। अमित साहू अपने समर्थकों के साथ यहां पहुंच गए। नारेबाजी करने लगे, नेताओं ने अपने हाथ में अंकिता हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा है, लिखा पोस्टर थाम रखा था। झारखंड के चर्चित अंकिता हत्याकांड का दोष भाजपा के नेता यहां आए झारखंड के कांग्रेस विधायकों पर थोपते दिखे।

दरअसल, झारखंड में हुए अंकिता हत्याकांड मामले का विरोध करते हुए भाजयुमो नेताओं ने रायपुर में ठहरे हुए झारखंड के विधायकों का विरोध किया। मेफेयर रिसॉर्ट के बाहर करीब 2 घंटे तक जबरदस्त हंगामा चलता रहा। रायपुर ग्रामीण एसपी कीर्तन राठोर अपनी टीम के साथ तैनात थे। इसके बाद एक बस में कार्यकर्ताओं को भरकर पुलिस मेफेयर से दूर ले गई।

पुलिस से भिड़ गए भाजयुमो कार्यकर्ता
इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस जवानों से कार्यकर्ता भिड़ गए। कुछ भाजपा कार्यकर्ता पुलिसवालों को खींचते, उन्हें पोजिशन से हटाते दिखे। जवानों ने भी हल्का बल प्रयोग किया और भाजपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ते नजर आए। इस बीच कार्यकर्ता पुलिस की धक्का-मुक्की से तंग आकर उन्हें धमकाने भी लगे। कुछ अफसरों के साथ भाजपा नेताओं की जबरदस्त तीखी बहस भी हुई।

हम विधायकों को खदेड़ने आए हैं : साहू
छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू का कहना था कि झारखंड के विधायक रायपुर में आकर फाइव स्टार रिसॉर्ट में अय्याशी कर रहे हैं । झारखंड में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बिगड़ी हुई है। अंकिता हत्याकांड हुआ है। मगर इन मामलों से दूर विधायक यहां अय्याशी कर रहे हैं। हम इन विधायकों को खदेड़ने आए हैं।

झारखंड के विधायकों ने भाजपा पर लगाया था आरोप
एक दिन पहले ही रिसॉर्ट से बाहर आकर झारखंड के विधायकों ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा था कि वह अपने पैसे अपनी कूवत पर इस रिसॉर्ट में रुके हैं । उन्हें किसी का पैसा खर्च कराने की जरूरत नहीं है। झारखंड के विधायकों ने भाजपा पर खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए झारखंड की सरकार को अस्थिर करने की बात कही थी। दरअसल झारखंड में माइनिंग लीज मामले में फंसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विधायकी पर खतरा मंडरा रहा है। इस वजह से झारखंड में झामुमो और कांग्रेस के विधायकों को सुरक्षित रखकर खरीद-फरोख्त की घटना से बचाने का प्रयास झारखंड सरकार कर रही है।

पुलिस से बहस होती रही।

पुलिस से झड़प।