Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 विपक्ष को ईडी-सीबीआई का डर दिखाता है

चेन्नई/कन्याकुमारी। कांग्रेस ने बुधवार को कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की। इस मौके पर राहुल गांधी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए यात्रा के बारे में लोगों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि न्यूज चैनलों पर दिनभर प्रधानमंत्री मोदी को दिखाया जाता है। हम लोगों को कोई नहीं दिखाता, इसलिए हम यात्रा निकाल रहे हैं।

राहुल ने कहा कि एक व्यक्ति के हाथों में करोड़ों लोगों का भविष्य है और वे इसे संवारने की बजाय विपक्ष को ईडी और सीबीआई का डर दिखाता है। उन्होंने आगे कहा कि हम फिर गुलामी के दौर में जा रहे हैं। पहले एक ईस्ट इंडिया कंपनी देश पर राज करती थी, अब 3-4 कंपनियां ये काम कर रही है।
राहुल के अलावा मल्लिकार्जुन खड़गे, केसी वेणुगोपाल, दिग्विजय सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और योगेंद्र यादव ने भी सभा को संबोधित किया।

सोनिया का संदेश-यात्रा से संगठन का कायाकल्प होगा
कांग्रेस की अंतरिम अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। यह परिवर्तनकारी पल है। विश्वास है कि हमारे संगठन का कायाकल्प होगा। मैं प्रतिदिन विचार और आत्मा से यात्रा में भाग लूंगी। मेडिकल जांच के कारण फिलहाल मैं मौजूद नहीं हूं।

श्रीपेरंबदुर जाकर पिता को दी श्रद्धांजलि
राहुल ने बुधवार सुबह श्रीपेरंबदुर में पिता राजीव गांधी के स्मारक पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यहां राहुल ने कहा कि नफरत की वजह से मैंने पिता खोया, लेकिन अब देश नहीं खो सकता हूं। राहुल करीब डेढ़ घंटे तक श्रीपेरंबदुर में रहे। यहीं पर 1991 में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी।
भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब होते हुए केंद्र शासित प्रदेश कश्मीर तक जाएगी। राहुल की यह यात्रा करीब 3570 किमी है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस 372 लोकसभा सीटों पर फोकस कर रही है।

रोज तय करेंगे 23 किमी का सफर
योजना के मुताबिक यह पदयात्रा दो सत्र में चलेगी। पहली शिफ्ट में सुबह  साढ़े 10 बजे यात्रा शुरू होगी और दोपहर में साढ़े तीन बजे। एक दिन में 22 से 23 किमी की दूरी कवर करने की योजना है। इस यात्रा में अलग-अलग राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले 117 कांग्रेस नेता शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस के कार्यकर्ता भी मार्च करेंगे। 

कंटेनर में सोएंगे राहुल गांधी
इस यात्रा के लिए 60 कंटेनर तैयार किए गए हैं। 150 दिनों की इस यात्रा में राहुल गांधी भी कंटेनर में सोएंगे। विश्राम के समय एक गांव के आकार में इन कंटेनरों को लगा दिया जाएगा। कुछ कंटेनर में एयर कंडीशनर भी लगाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक यात्रा में शामिल लोग स्थानीय भोजन करेंगे। गांव के लोग भोजन भी तैयार करेंगे। वहीं सभी यात्रा साथ में खाना खाएंगे। कोई भी नेता होटल में नहीं रुकेगा।

भाजपा ने बताया परिवार बचाने की यात्रा
भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को उसका ‘छलावा’ करार दिया और दावा किया कि यह प्रमुख रूप से ‘परिवार को बचाने’ का अभियान है ताकि देश की सबसे पुरानी पार्टी पर नियंत्रण बरकरार रहे। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने यहां संवादाताओं को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि यात्रा के जरिए अपने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को नेता के रूप में स्थापित करने का कांग्रेस का यह एक और प्रयास है।प्रसाद ने यह कहते हुए राहुल गांधी पर तंज भी कसा कि जो व्यक्ति अपनी पार्टी को नहीं जोड़ सका, जो अक्सर विदेश चला जाता है और जिसे अध्यक्ष बनाए जाने के लिए कांग्रेस में एक ‘दरबारी गायन’ होता है, वह भारत जोड़ो यात्रा पर निकला है।

tranding
tranding