Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 रायपुर में आरएसएस की तीन दिवसीय बैठक का समापन
0 संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने दी बैठक की जानकारी 
0 कहा-देश में कुछ सकारात्मक बदलावों पर काम होना चाहिए

रायपुर। तीन दिन तक चली राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक का सोमवार को समापन हुआ। बैठक में संघ के 36 अनुषांगिक संगठनों के 250 से अधिक प्रमुख लोग शामिल हुए। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भी मौजूद रहे। संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने  बैठक के बाद जानकारी दी।

डॉ. वैद्य ने बताया कि बैठक में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने देश के सभी संगठनों से चर्चा की। तय किया गया कि आने वाले दिनों में देश में कुछ सकारात्मक बदलावों पर काम होना चाहिए। इसमें देश के स्कूल-कॉलेजों में हिंदुत्व संबंधी कोर्स शामिल करने की बात की है। डॉ. वैद्य ने कहा कि बैठक में ये तय किया गया कि देश के विद्यापीठों में हिंदुत्व की पढ़ाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूके में हिंदुत्व पर पढ़ाई हो रही है तो यहां भी होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जीडीपी के बजाए भारतीय मानक इंडेक्स तैयार करने पर भी विचार किया गया।

हिंदू राष्ट्र पर भी बोले
क्या भारत हिंदू राष्ट्र घोषित होगा। इसके जवाब में संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने कहा कि राष्ट्र मतलब समाज होता है तो समाज यहां हिंदू ही है। रविंद्र नाथ टैगोर ने एक बात कही थी। उन्होंने अनेकता में एकता देखना यही भारत के अंतर में पड़ा धर्म है। यहां धर्म का मतलब रिलिजन से नहीं है, इसलिए भारत विविधता को भेद नहीं मानता, पराए को दुश्मन नहीं समझता। इसलिए नए मानव समूह के संघात से भयभीत नहीं होगा। उनको सुरक्षित रखते हुए उनको साथ लेकर आगे बढ़ेगा। भारत में हिंदू-मुसलमान लड़ते दिखेंगे, मगर मर नहीं जाएंगे। वह सामंजस्यता स्थापति करेंगे, वही हिंदुत्व होगा। 

बैठक में सभी अनुभव साझा करते हैं
संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने कहा कि यहां हम तीन दिनों तक बंद कमरे में बैठक कर रहे थे। लोग सोच रहे होंगे कि क्या कर रहे होंगे अंदर। उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा कि ऐसा कुछ होता नहीं है। संघ के स्वयंसेवक राष्ट्रीय विचार के लिए अखिल भारतीय स्तर पर काम करते हैं। छात्र, मजदूर, वैज्ञानिक, कलाकार, शिक्षण समाज के लोग नए लोगों से मिलना होता है। अपने-अपने अनुभव साझा करने के लिए इस तरह की बैठक होती है। ये निर्णय करने वाली बैठक नहीं है।

कांग्रेस पर कसा तंज, कहा-हिंदुत्व के भाव के साथ भारत को जोड़ने का काम हो
संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने यात्रा को लेकर कहा कि भारत को जोड़ने का काम कोई भी करेगा तो अच्छी बात है, लेकिन भारतीय आध्यात्मिकता के आधार पर भारत की पहचान है। हिंदुत्व के भाव के साथ भारत को जोड़ने का काम हो। तिरस्कार के आधार पर जोड़ेंगे तो कैसे जुड़ेगा भारत। कांग्रेस के बाप-दादा ने संघ का तिरस्कार बिना कारण किया, प्रतिबंध लगाए। मगर संघ बढ़ता रहा, क्योंकि संघ के पास सत्य सिद्धांत है। समाज का सहयोग मिलता रहा है।  

इन मुद्दों पर काम करेगा संघ और उससे जुड़े संगठन
0 ब्रांडेड चीजें अच्छी मानने के फैशन की वजह से स्थानीय कामगारों के प्रोडक्ट को नुकसान हुआ है, स्थानीय चीजों को बढ़ावा दिया जाएगा।
0 जीडीपी के बजाए भारतीय मानक इंडेक्स तैयार करने हुआ विचार।
0 ऑर्गेनिक फार्मिंग, किसान मजदूर व्यापारी को साथ लेकर चलें, एग्रीकल्चर गैजुएट खेती नहीं करते, जो खेती करते हैं वो शिक्षित नहीं होते। इसलिए उनकी शिक्षा पर काम हो।
0 भारत के न्यायालयों में भारतीय भाषाओं में काम हो, जजमेंट भारतीय भाषा में हो, लोगों को पता नहीं चलता वकील जज अंग्रेजी में क्या बोल रहे।
0 जनजाति वर्ग के लोगों का माइग्रेशन रोकने पर काम होगा।

tranding