Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कोरबा में एनएच-130 पर हुआ दर्दनाक हादसा
0 मुख्यमंत्री बघेल ने जताया शोक
​​​​​​​कोरबा। छत्तीसगढ़ के रायपुर से रेणुकूट जा रही बस सोमवार तड़के हादसे का शिकार हो गई। कोरबा में तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में 7 यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में दो बच्चे और 2 महिलाएं भी शामिल हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया है। हादसा बांगो थाना क्षेत्र में हुआ है।

जानकारी के मुताबिक रॉयल्स ट्रांसपोर्ट की लग्जरी बस स्लीपर कोच देर रात रायपुर से रेणुकूट के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे बस कोरबा के पौड़ी उपरेड़ा में नेशनल हाइवे-130 पर पहुंची थी कि मड़ई के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। एक तरफ से बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के दौरान लोग गहरी नींद में थे।

टक्कर होते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने सुबह हादसा देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतकों में सीतापुर के घोंसू पंडरीपानी निवासी उषा लकड़ा (43) पत्नी अनिल कुमार लकड़ा, उनका 5 साल का बेटा रिलायंस लकड़ा, सीतापुर के चिड़ापारा निवासी अजय वरदान (40) और मैनपाट हाईस्कूल में टीचर सरगुजा के लुंड्रा निवासी रोहित सिंह (30) शामिल हैं।

सभी घायलों को एंबुलेंस से स्थानीय उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल कोरबा रेफर किया जा रहा है। इस दौरान एक और बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं एसपी संतोष सिंह ने बताया कि हादसे में कुल 3 लोग घायल हैं। जिसमें से एक सामान्य रूप से और दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना सुबह 4 बजे के आसपास की है। समान रूप से घायल व्यक्ति का इलाज पौड़ी अस्पताल में चल रहा है जबकि गंभीर रूप से अन्य दो व्यक्ति कोरबा जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कोरबा सुबह हुई दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में मृतकों के परिवार जनों को आवश्यक सहयोग और घटना में घायलों के समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बघेल ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

घायलों को एंबुलेंस से पौड़ी उप स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

हादसे में बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है।