0 एयरपोर्ट से पायलटिंग गाड़ियां लौटाई, बाइक रैली भी रद्द की
0 प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों को भी कार से नहीं मिली एंट्री, कोर-ग्रुप की बैठक कल
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी रविवार को प्रभारी बनने के बाद पहली बार रायपुर पहुंची। संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक स्वागत के लिए पहुंचे। इस दौरान सादगी के साथ उनका सरल और सख्त अंदाज देखने को मिला। इस दौरान न तो ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को बुलाया गया। एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद पायलटिंग के लिए लगी गाड़ियों को लौटा दिया। स्वागत के लिए प्रस्तावित भाजयुमो की बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई।
स्मृति ईरानी के साथ प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। स्मृति ईरानी मीडिया से भी कोई चर्चा नहीं की और वे एयरपोर्ट से प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंची। यहां स्मृति ईरानी के निर्देश पर बीजेपी कार्यालय के भीतर से पुलिस सुरक्षा हटाई गई। सुरक्षा कर्मियों को भी परिसर के बाहर रहने कहा गया।
वहीं एक कार्यकर्ता स्मृति ईरानी के साथ सेल्फी लेना चाह रही थीं। इस पर स्मृति ईरानी ने प्यार से उनके सिर पर हाथ रखा और सेल्फी लेने से मना कर दिया। पार्टी कार्यालय में स्मृति ईरानी ने प्रदेश पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में उनसे मुलाकात की और कुछ देर चर्चा की। इसके बाद वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व अन्य नेताओं के साथ अभनपुर रवाना हुईं। वहां एक भवन में आयोजित सादे समारोह में स्मृति ईरानी, मुख्यमंत्री श्री साय सहित अन्य भाजपा नेता जमीन पर बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना।
मंत्रियों को पैदल एंट्री और फोन जमा, कौशिक भी पैदल गए
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर (प्रदेश भाजपा कार्यालय) में हुई बैठकों के दौरान अनुशासन का कड़ा पालन कराया गया। मंत्रियों के काफिले को अंदर गाड़ी से जाने की अनुमति नहीं मिली, जिसके चलते सभी मंत्रियों को गाड़ी बाहर छोड़कर पैदल ही कार्यालय के भीतर जाना पड़ा। साथ ही, बैठक में शामिल होने वाले मंत्रियों के मोबाइल फोन भी बाहर ही जमा करवा लिए गए। भाजपा कार्यालय के मुख्य गेट पर मंत्री खुशवंत साहेब के काफिले को गार्ड ने रोक दिया। कार से अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलने पर मंत्री गाड़ी से उतरे और पैदल प्रदेश कार्यालय पहुंचे। पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय भी पैदल ही कार्यालय के अंदर गए। गार्ड ने धरमलाल कौशिक और भूपेंद्र सवन्नी के काफिले को भी रोक दिया। इसके बाद दोनों नेता गाड़ी से उतरकर पैदल ही भाजपा कार्यालय के अंदर गए।
बैठक का शेड्यूल बदला
भाजपा की बैठकों के कार्यक्रम में भी बदलाव किया गया है। रविवार को होने वाली कोर ग्रुप की बैठक अब सोमवार को होगी। इसकी जगह रविवार को मंडल-निगम अध्यक्षों की बैठक रखी गई। सोमवार को कोर ग्रुप की बैठक में प्रदेश की संगठनात्मक व राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और महामंत्रियों की हुई बैठक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और महामंत्रियों की बैठक हुई। बैठक तय शेड्यूल से देरी से शुरू हुई। इससे पहले प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह से चर्चा की।