
0 देश भर में 40 केंद्रों पर 68 बूथ बनाए गए हैं
0 सुबह 10 बजे से वोट डालेंगे डेलीगेट
नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होगा। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए वोटिंग की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए देश भर में 40 केंद्रों पर 68 बूथ बनाए गए हैं, जहां सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मतदान की प्रक्रिया (Voting) चलेगी। अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला है। नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में 19 अक्टूबर को मतगणना होगी और नतीजे घोषित होंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए करीब 9800 मतदाता (प्रदेश प्रतिनिधि) हैं जो दो उम्मीदवारों मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर में से एक के लिए मतदान करेंगे। सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी समेत सीडब्ल्यूसी के सदस्य कांग्रेस मुख्यालय में बने बूथ में मतदान करेंगे।
वहीं एक बूथ भारत जोड़ो यात्रा के कैंप में बनाया गया है, जहां राहुल गांधी और करीब 40 लोग मतदान करेंगे। मल्लिकार्जुन खड़गे बेंगलुरु और शशि थरूर तिरुवनंतपुरम स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मतदान करेंगे। मतदान के बाद मतपेटियों को दिल्ली लाया जाएगा, जहां पार्टी मुख्यालय में 19 अक्टूबर को मतगणना होगी और नतीजे घोषित होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 22 सालों बाद चुनाव होने जा रहा है और करीब 24 सालों के बाद पार्टी की कमान गांधी परिवार के बाहर जाना तय हो गया है।
137 सालों में छठी बार ऐसा मौका
लगभग 137 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी के में छठी बार ऐसा मौका होगा जब चुनावी मुकाबले से साबित होगा कि पार्टी के इस अहम पद के लिए कौन उपयुक्त उम्मीदवार है। कांग्रेस अध्यक्ष के इस चुनाव में गांधी परिवार का कोई भी सदस्य हिस्सा नहीं ले रहा है। यानी कि ये पहले से तय है कि इस बार कांग्रेस का अध्यक्ष गांधी परिवार के बाहर का सदस्य बनेगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने मीडिया से बातचीत में बताया कि ये छठा मौका है जब कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए आंतरिक रूप से चुनाव हो रहा है।
साल 1977 में भी हुआ था चुनाव
जयराम रमेश ने बताया कि मीडिया ने साल 1939, 1950, 1997 और साल 2000 की बात की है, लेकिन साल 1977 में भी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुए थे. जब कासू ब्रह्मानंद रेड्डी निर्वाचित हुए थे। रमेश ने आगे बताया कि फिर भी चुनाव होने का अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि मैं इन्हें ऐतिहासिक भारत जोड़ो यात्रा के मुकाबले कम संस्थागत महत्व का मानता हूं जो भारतीय राजनीति के लिए भी कांग्रेस की परिवर्तनकारी पहल है।
छत्तीसगढ़ में 307 डेलीगेट्स डालेंगे वोट
रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव चुनाव में छत्तीसगढ़ के 307 डेलीगेट्स भी वोटिंग करेंगे। के लिए कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसमें सीएम बघेल, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम समेत सभी डेलीगेट्स वोट डालेंगे। वोटिंग के बाद मतदान पेटी को दिल्ली भेजा जाएगा, जहां 19 अक्टूबर को वोटिंग के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।