Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 नवीन हाई स्कूल भवन का भूमि पूजन

रायपुर। सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने रायपुर जिले के विकासखण्ड धरसींवा की कृषि सहकारी समिति कुम्हारी में आज सुबह धान खरीदी का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेश में आज से शुरू हो रहे धान खरीदी के महाअभियान के लिए किसानों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। मंत्री डॉ. टेकाम ने इसके साथ ही कुम्हारी में ही 75 लाख रूपए की लागत से निर्मित होने वाले नवीन हाई स्कूल भवन का भूमि पूजन भी किया।

सहकारिता मंत्री ने धान खरीदी केन्द्र में पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में धान बेचने वाले किसानों के धान को तौला और  गुणवत्ता को भी परखा। धान खरीदी केन्द्र में क्षेत्र के किसान श्री गुड्डा शुक्ला सबसे पहले धान लेकर पहुंचे। मंत्री डॉ. टेकाम ने यहां धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों को केन्द्र में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए 2497 उपार्जन केन्द्र बनाएं गए हैं। इस साल किसानों से प्रति क्विंटल सामान्य धान 2040 रूपए और ग्रेड-ए धान 2060 रूपए खरीदा जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य में किसान हितैषी योजनाओं से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। खेतों से दूर हो रहे किसान खेतों की ओर लौटे हैं और खेती का रूतबा भी बढ़ा है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए राज्य में एक लाख 67 हजार से अधिक नए किसानों ने एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन कराया है।  इस वर्ष कुल 25 लाख 72 हजार किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती अनिता योगेन्द्र शर्मा, अध्यक्ष कृषि सहकारी समिति कुम्हारी चन्द्रशेखर शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य हरिशंकर निषाद, जनपद सदस्य ईश्वर निषाद, सरपंच ग्राम कुम्हारी श्रीमती शिवकुमारी बालाराम पाठक, सरपंच बहेसर गोविंद नेताम, उधोराम वर्मा, दुर्गेश वर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीणजन उपस्थित थे।

रायपुर: सहकारिता मंत्री डॉ. टेकाम ने कृषि सहकारी समिति कुम्हारी में किया धान खरीदी का शुभारंभ

 विकासखण्ड धरसींवा की कृषि सहकारी समिति कुम्हारी में आज सुबह धान खरीदी का शुभारंभ किया