
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार अरबपति उद्योगपतियों का कर्जा माफ कर सकती है, लेकिन कर्मचारियों को पेंशन देने के लिए उसके पास पैसे नहीं हैं। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल होनी चाहिए। प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आती है तो पहली कैबिनेट में ओपीएस देने का निर्णय लिया जाएगा।
प्रियंका शुक्रवार को कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देव भूमि के साथ वीर भूमि भी है। भारत की सरहदों पर देश की रक्षा करते हुए शहीद होने वाले इस प्रदेश के वीर सैनिकों की लंबी सूची है, लेकिन भाजपा ने अग्निपथ योजना लागू करके सेना में जाने की इच्छा रखने वाले नौजवानों की इच्छाओं पर कुठाराघात किया है।
प्रियंका ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सत्ता में आते ही इस योजना को रद्द करेगी। भाजपा पेंशन, महंगाई, रोजगार के लिए कुछ नहीं करेगी। भाजपा प्रत्याशी स्वार्थ के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। कांग्रेस ओपीएस, रोजगार, हर माह हर महिला को 1500 रुपये और दूसरे वादे पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य इसका उदाहरण है। वहां सत्ता में आते ही कांग्रेस ने शपथ के तीन घंटों के भीतर किसानों के कर्जे माफ किए।
भाजपा सरकार ने हिमाचल में बेरोजगारों को नौकरी नहीं दी। अग्निपथ योजना लागू करके सेना को ठेके पर दे दिया। प्रियंका ने जनसभा में पूर्व सीएम डॉ. वाईएस परमार, वीरभद्र सिंह और पूर्व मंत्री जीएस बाली की ओर से प्रदेश में विकास गाथा लिखने में दिए योगदान को याद किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, संजय दत्त, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के अलावा जिला कांगड़ा से सभी पार्टी प्रत्याशी मौजूद रहे।