Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पति के निधन से खाली सीट पर पत्नी मांगेगी वोट
0 बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम से होगा मुकाबला

रायपुर। कांग्रेस भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को पार्टी प्रत्याशी का ऐलान कर दिया। कांग्रेस ने दिवंगन विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी को प्रत्याशी बनाया है। श्रीमती सावित्री गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। वहीं भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम भी अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

प्रत्याशी ऐलान के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव हेतु स्व. मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी को कांग्रेस प्रत्याशी घोषित किया गया है। हम सब उनको शुभकामनाएं देते हैं। भानुप्रतापपुर कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है, हम प्रचंड बहुमत से जीतेंगे।

टीचर रह चुकी हैं सावित्री
भानुप्रतापपुर विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष रहे मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी रायपुर के कटोरा तालाब स्थित सरकारी स्कूल में व्याख्याता के पद पर तैनात थीं। बच्चों को पढ़ाने का काम रहा है। जब निर्वाचन आयोग ने उप चुनाव का कार्यक्रम जारी किया। उसी दिन दोपहर बाद ही सावित्री मंडावी ने टीचर की नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। दिवंगत मनोज मंडावी की अंतिम यात्रा में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सावित्री मंडावी को उम्मीदवार बनाने की बात कही थी। पिछले सप्ताह कांकेर के चारामा में हुई मुख्यमंत्री की जनसभा में भी सावित्री मंडावी के समर्थन में नारे लगाए गए थे।

छजकां व आप नहीं लड़ेगी चुनाव
इधर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जोगी) और आम आदमी पार्टी (आप) ने भानूप्रतापपुर का उपचुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। छजकां इस उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देगी। इसका ऐलान खुद संगठन के अध्यक्ष अमित जोगी ने किया है। जनता कांग्रेस ने कांग्रेस की प्रत्याशी सावित्री मंडावी को समर्थन देने का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। कयास लगाए जा रहे थे इस चुनाव में जनता कांग्रेस अपना कैंडिडेट नहीं उतारेगी। इससे अब मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होगा।