कांकेर/भानुप्रतापपुर। भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग खत्म होते ही भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम को हिरासत में लेने पहुंची झारखंड पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। करीब घंटे भर तक डेढ़ हजार कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ी रोककर जमकर बवाल मचाया। आखिरकार झारखंड पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा।
पुलिस ब्रह्मानंद नेताम को कांकेर सिटी कोतवाली लेकर जा रही थी। ब्रह्मानंद नेताम किलेपार पोलिंग बूथ गए हुए थे। वहीं से उन्हें हिरासत में लिया था। हालांकि, नेताम ने कहा है कि हाईकोर्ट का आदेश आ गया है। उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने कोर्ट का आदेश मांगा था।
वहीं इस बीच ब्रह्मानंद नेताम की गाड़ी में एक शख्स ने चप्पल फेंका। इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उसकी बेदम पिटाई कर दी। भाजपा नेता शिवरतन शर्मा के मुताबिक पुलिस का ब्रह्मानंद को हिरासत में लेने के लिए आना कांग्रेस की साजिश का हिस्सा था। ताकि वो पोलिंग बूथों में गड़बड़ी कर सके।
युवक पर भीड़ का गुस्सा टूटने के बीच पुलिस ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। कार्यकर्ताओं के मुताबिक इसी ने ब्रह्मानंद नेताम को चप्पल फेंककर मारा था। इसके बाद गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
इस बीच भारी भीड़ के बीच पूर्व मंत्री और चुनाव प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल ब्रह्मानंद नेताम को अपनी गाड़ी से साथ ले गए। इस दौरान ब्रह्मानंद जनता का धन्यवाद करते नजर आए। नेता अपनी जीत का दावा करते हुए विक्ट्री साइन भी दिखाया। बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ भारी संख्या में लोग मौजूद थे। भीड़ को उग्र होता देख नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया। धीरे-धीरे भीड़ वहां से कम हो गई।
8 दिसंबर के बाद पुलिस जहां बुलाएगी ब्रह्मानंद को लेकर जाएंगेः शिवरतन
बीजेपी नेता शिवरतन शर्मा ने बयान दिया है कि 8 दिसंबर के बाद झारखंड पुलिस जहां बुलाएगी हम ब्रह्मानंद को वहां लेकर पहुंचेंगे। उनके मुताबिक ये झारखंड और छत्तीसगढ़ सरकार की चाल है जो ऐन चुनाव के वक्त भाजपा प्रत्याशी को गिरफ्तार करने पुलिस को भेजी थी। रेप के आरोप में 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तार होती है। मामले को साढ़े तीन साल हो गए। अब उपचुनाव में कांग्रेस हार रही है तो तरह-तरह के हथकंडे आजमा रही है। शिवरतन शर्मा ने कहा कि उपचुनाव में बीजेपी की ही जीत होगी। कांग्रेस अपने मंसूबे में कभी कामयाब नहीं होगी।
सुबह ब्रम्हानंद ने पत्नी संग डाले वोट
ब्रह्मानंद नेताम सुबह सबसे पहले गांव में ही शीतला माता मंदिर गए थे। उन्होंने जीत के लिए देवी से आशीर्वाद लिया। फिर करीब 9 से 9:30 के बीच कसावाही मतदान केंद्र पहुंचे। ब्रह्मानंद के साथ उनकी पत्नी भी वोट डालने आईं थीं। भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद ने पत्नी के साथ पोलिंग बूथ पहुंचकर मतदान किया। उनके साथ कई कार्यकर्ता भी मौजूद थे। कामयाब नहीं होगी।
