Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 बादल छाने से दिन का तापमान कम हुआ

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान मैंडूस शुक्रवार रात तमिलनाडु के मामल्लापुरम तट से टकरा गया। इस तूफान के असर से छत्तीसगढ़ का मौसम भी बदल गया है। प्रदेश में शनिवार को दिनभर हल्के बादल छाए रहे। वहीं बस्तर संभाग समेत कई जिले में बूंदाबांदी होने की भी खबर है। 

प्रदेश के अधिकांश हिस्से में हल्के बादल छा गये हैं। इसकी वजह से दिन का तापमान भी काफी कम हो गया है। शनिवार सुबह 11.30 बजे तक रायपुर का तापमान 18-19 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। रायपुर में 3.6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा भी चल रही है। अंबिकापुर में अभी का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस है। वहां हवा नहीं चल रही है, लेकिन नमी का स्तर 84% तक पहुंच गया है। पेण्ड्रा रोड का तापमान 14-15 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। अभी बिलासपुर सबसे गर्म जगह है। वहां सुबह 11.30 बजे का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस मापा गया है।

मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को दिन भर बादल छाये रहने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः बस्तर-दुर्ग संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में केंद्रित रह सकता है। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान में वृद्धि संभव है। बताया जा रहा है, बस्तर संभाग के कुछ स्थानों पर बुंदाबादी हुई है। अभी तक उल्लेखनीय बरसात कहीं रिकॉर्ड नहीं हुई है।

अभी कोरिया सबसे ठंडा जिला, नारायणपुर में भारी उलटफेर
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान के जो आंकड़े दिए हैं, उसके मुताबिक कोरिया प्रदेश का सबसे ठंडा जिला है। वहां का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। वहीं नारायणपुर में भारी उलटफेर हुआ है। 9 दिसम्बर को नारायणपुर में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस था। 10 दिसम्बर को वहां 14.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ है। अंबिकापुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया है। वहीं जशपुर में यह 11.5 डिग्री सेल्सियस है। राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।

रविवार शाम के बाद साफ होगा मौसम
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि चक्रवाती तूफान तट से टकराने के बाद कमजोर हो रहा है। ऐसे में इसका असर भी कमजोर होगा। छत्तीसगढ़ में छाये बादलों के रविवार शाम तक बने रहने की संभावना है। उसके बाद उनका छंटना शुरू हो जाएगा। सोमवार तक आसमान साफ हो जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि सोमवार के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा।

ठंड बढ़ने से कई क्षेत्रों में लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।