रायपुर। प्रदेश की राजधानी रायपुर में अनियमित कर्मचारी बड़े आंदोलन की तैयारी में हैं। नए साल में पुरानी मांग को लेकर नए जोश के साथ कर्मचारी सड़कों पर उतरने की तैयारी कर चुके हैं। 15 जनवरी को रायपुर में प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन करने की तैयारी है। इसे नाम दिया गया है अनियमित बइठका।
छत्तीसगढ़ अनियमित कर्मचारी मोर्चा के प्रांतीय संयोजक गोपाल प्रसाद साहू ने बताया कि प्रदेश में कार्यरत अनियमित कर्मचारियों, संविदा, दैनिक वेतन भोगी, कलेक्टर दर, श्रमायुक्त दर पर कार्यरत श्रमिक, प्लेसमेंट, मानदेय, अशंकालिक, ठेका वाले कर्मचारियों ने मिलकर आंदोलन की रूपरेखा तय की है।
कर्मचारी संगठनों ने बड़ी तादाद में अनियमित कर्मचारियों से 15 जनवरी को रायपुर पहुंचने को कहा है। काम बंद करके ये कर्मचारी रायपुर आकर आंदोलन करने की तैयारी में हैं। रायपुर के बूढ़ापारा धरना स्थल पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में 50 हजार के करीब कर्मचारियों के जुटने की संभावना है।
कांग्रेस काे याद दिलाएंगे वादा
कर्मचारियों ने बताया कि कांग्रेस ने सरकार बनने पर 10 दिवस में प्राथमिकता से हमारी मांगों को पूरा करने का वादा किया । नियमितीकरण का वादा 4 साल बीतने के बाद भी पूरा नहीं हो सका। सह-संयोजक छत्तीसगढ़ अनियमित कर्मचारी मोर्चा के प्रांतीय सह-संयोजक प्रेम प्रकाश गजेन्द्र ने बताया कि घोषणा के विपरीत अनियमित कर्मचारियों की निरंतर छटनी की जा रही है। न्यूनतम वेतन में भी बढ़ोत्तरी नहीं की गई| यहां तक की मंत्रियों से हमने मिलने की कोशिश की। मगर वो अब हमें मिलने का वक्त नहीं देते। इस वजह से कर्मचारियों ने रायपुर आकर आंदोलन करने का फैसला किया है।