Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 एक भाजपाई काे चोट आई, एफआईआर की तैयारी

रायपुर। रायपुर में रविवार दोपहर भाजपा और कांग्रेस नेता एक दूसरे से भिड़ गए। साइंस कॉलेज के ग्राउंड के पास बन रही चौपाटी यूथ हब के विरोध में भाजपा नेता राजेश मूणत धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके धरना पंडाल के पास आकर कांग्रेस के एनएसयूआई संगठन के युवक आकर नारेबाजी करने लगे। ये देखकर भाजपा के लोग भी सामने आ गए। देखेत ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए दोनों गुट भिड़ गए। कांग्रेस नेताओं ने झूमाझटकी की।

डिवाइडर पर चढ़कर भाजपा और कांग्रेस के नेता धक्का-मुक्की करने लगे। एनएसयूआई के युवक नारा लगा रहे थे वी वाॅन्ट यूथ हब, भाजपा के कार्यकर्ता विधायक विकास उपाध्याय के खिलाफ नारे लगा रहे थे, कांग्रेसियांे को गुंडा बता रहे थे। इस बीच एक भाजपा नेता नवीन शर्मा की आंख के नीचे चोट भी आ गई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से इन्हें हटाया। मूणत ने इस पर कहा कि जानबूझकर कांग्रेस उनके आंदोलन के पास आकर ऐसी हरकत कर रहे थे। भाजपा ने कांग्रेसियों पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन में मौजूद भाजपा पार्षद दीपक जायसवाल ने बताया कि हमने पुलिस से कांग्रेसियों पर FIR करने की मांग की है, हमें कार्रवाई का आश्वासन मिला है।

ऐसे हो गया बवाल
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर यूथ हब के समर्थन में पैदल मार्च निकाला। रविशंकर यूनिवर्सिटी के पास सभी कांग्रेस युवक जमा हुए। इसके बाद नालंदा परिसर तक पैदल मार्च निकाला गया। युनिवर्सिटी से कुछ मीटर की दूरी पर पंडाल लगाकर मूणत धरने पर बैठे हैं। एनएसयूआई के लोग पंडाल के सामने आकर नारा लगाने लगे। बस इसी बात पर भाजपा के कार्यकर्ता बिफर गए। मौके पर पुलिस भी नहीं थी। जब विवाद बढ़ा तो पुलिस आई। भाजपा के लोगों ने पूछा कि आखिर इन्हें जानबूझते भाजपा के पंडाल के सामने से ही पैदल मार्च करने की अनुमति किसने दी। ये जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश थी।

क्यों यूथ हब का विरोध कर रहे मूणत
पूर्व मंत्री राजेश मूणत का दावा है कि साइंस कॉलेज ग्राउंड पर सड़क किनारे चौपाटी बनाना अवैध है। छोटे, गरीब ठेले, खोमचे वालों की रोजी रोटी छीनने की साजिश है। कांग्रेस ने तेलीबांधा तालाब में चौपाटी खोलकर उस स्थान का व्यवसायीकरण कर दिया, वही खेल रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय समेत सम्पूर्ण एजुकेशन हब में करने जा रही है।

भाजपा सरकार के शासनकाल में छात्र- छात्राओं के अनुकूल ,सेंट्रल लाइब्रेरी और नालंदा परिसर बनवाया, लेकिन एजुकेशन हब में बीते 4 साल से केवल ठेले और गुमटियां लग रही हैं। उसे हटाने के स्थान पर चौपाटी बनाने जा रहे हैं। हम उच्च न्यायालय भी जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे। यूथ हब की आड़ में यहां चौपाटी विकसित कर कांग्रेस अपने लोगों को जगह दे देंगे। यहां हॉस्टल में स्टूडेंट रहते हैं। उनकी सुरक्षा का भी मसला है।

कांग्रेस का दावा प्रस्ताव तो भाजपा के समय से
एक दिन पहले इस मसले पर कांग्रेस के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दावा किया गया कि साइंस कॉलेज मैदान के पास जिस यूथ हब के विरोध में पूर्व लोक निर्माण मंत्री और भाजपा नेता राजेश मूणत धरना देकर बैठे हैं, उसका प्रस्ताव खुद उनकी सरकार में तैयार हुआ था। कांग्रेस ने शनिवार को दस्तावेजों के सहारे भाजपा के स्टैंड पर पलटवार किया है। रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर और सभापति प्रमोद दुबे ने दस्तावेज जारी कर कहा, पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से अपना टिकट बचाने के लिए राजेश मूणत इसके जरिए राजनीतिक स्टंट कर रहे हैं।