Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 आरक्षण रद्द होने के बाद टाली गई थी परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस में सब इंस्पेक्टर की भर्ती प्रक्रिया फिर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने युवा दिवस के मौके पर अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया फिर से शुरू करने के निर्देश दिये हैं। उच्च न्यायालय के आदेश के बाद आरक्षण के संकट को देखते हुए सरकार ने इस भर्ती प्रक्रिया को रोक दिया था। इसके जरिए 971 पदों पर भर्ती की जानी है।

सब इंस्पेक्टर की यह भर्ती प्रक्रिया 2022 में शुरू हुई थी। इसके लिए 16 अक्टूबर 2022 तक आवेदन भरा जाना था। बाद में इसको 20 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया। इसकी परीक्षा 6 नवम्बर को होनी थी। लेकिन 19 सितम्बर को आये उच्च न्यायालय के आरक्षण संबंधी फैसले के बाद नौकरी में आरक्षण की स्थिति अस्पष्ट हो गई। 22 अक्टूबर को व्यापमं ने इसकी परीक्षा को स्थगित करने की अधिसूचना जारी कर दी। इसका प्रदेश भर में विरोध हो रहा था। परीक्षा की तैयारी कर रहे बहुत से अभ्यर्थी इसको लेकर रायपुर में प्रदर्शन भी कर चुके हैं। बताया जा रहा है, भर्ती प्रक्रिया का चालू कराने के लिए तमाम विद्यार्थी उच्च न्यायालय जाने की तैयारी कर रहे थे। अब सरकार ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने का संकेत देकर ऐसे विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है।

इन पदों पर होनी है भर्ती
इस परीक्षा के जरिये सूबेदार के 58 पद, सब इंस्पेक्टर के 577 पद, सब इंस्पेक्टर (अंगुल-चिन्‍ह) - 06 पद, सब इंस्पेक्टर (प्रश्नाधीन दस्तावेज)- 03 पद, सब इंस्पेक्टर (कंप्यूटर), सब इंस्पेक्टर दूरसंचार-9 पद, सब इंस्पेक्ट (स्पेशल ब्रांच)-69 पद, प्लाटून कमांडर 247 पदों पर भर्ती होनी है।

2018 से शुरू हुई थी भर्ती प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ पुलिस में सब इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया 2018 में शुरू हुई थी। बाद में सरकार ने अनियमितता की शिकायतों के बाद इसको टाल दिया। बाद में कुछ और पद बढ़ाकर भर्ती प्रक्रिया को दोबारा शुरू किया गया। सरकार ने प्रभावित विद्यार्थियों को उम्र में कुछ छूट भी दी थी। अक्टूबर 2022 में इसका विज्ञापन निकला और भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई। लेकिन परीक्षा होने से पहले उसको स्थगित कर दिया गया था।