Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 घर-घर तक जाएगी राहुल की चिट्‌ठी और मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट
0 समापन रैली में महिला घोषणापत्र

रायपुर। कांग्रेस 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करने जा रही है। यह दो महीनों की यात्रा होगी। इसके जरिये कांग्रेस इस साल के विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान का आगाज करने जा रही है। इसके निशाने पर 2024 का संसदीय चुनाव भी होगा। छत्तीसगढ़ में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की बैठक में तय हुआ है कि इस अभियान के जरिये कांग्रेस घर-घर तक राहुल गांधी की चिट्‌ठी, मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट, आरक्षण विधेयकों को भाजपा की ओर से रोके जाने के तथ्य पहुंचाएगी। रायपुर में आयोजित समापन समारोह में प्रियंका गांधी एक महिला घोषणापत्र जारी करेंगी।

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के पर्यवेक्षक बनाए गए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने गुरुवार को अभियान पर विस्तृत चर्चा के लिए बैठक की। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी और हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के जिला पर्यवेक्षकों को बुलाया गया था। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, दो महीने की हाथ से हाथ जोड़ो पदयात्रा की सफलता के लिये हम जिलों एवं ब्लॉकों की अनिवार्य बैठक होनी चाहिये। 26 जनवरी से पहले सभी प्रभारी जिलों का दौरा करना है। राहुल गांधी का संदेश, हमारी सरकार के चार साल के काम, केंद्र सरकार की नाकामियों की रिपोर्ट और आरक्षण संशोधन विधेयक पर भाजपा के चरित्र को जनता तक ले जाना है।

भाजपा के दबाव के कारण राजभवन में हस्ताक्षर करना रूका हुआ है। पर्यवेक्षक अरुण यादव ने कहा, यह जन संवाद कार्यक्रम भारत जोड़ो यात्रा का विस्तार होगा। यह अभियान 26 जनवरी से शुरू होकर दो महीने तक चलेगा। पदयात्रा का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को करना है। पदयात्रा का नेतृत्व करने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में एक या दो वरिष्ठ नेताओं को नियुक्त किया जाए और नामों को एआईसीसी को सूचित किया जाए। यह विशाल अभियान पदयात्रा के रूप में प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों, गांवो और मतदान केंद्रों को कवर करेगा। इस अभियान में मोदी सरकार की नाकामियों और राज्य सरकार की योजनाओं के साथ आरक्षण संशोधन विधेयक पर भाजपा के षड़यंत्र को भी जनता तक ले जाएंगे।

तीन स्तरों पर अभियान की प्लानिंग
गांव और ब्लॉक स्तर: अभियान की शुरुआत ब्लॉक स्तर पर उद्घाटन बैठक से होगी। दो महीने के लिए पदयात्रा, हर गांव और मतदान केंद्र तक जाएगी। प्रत्येक ब्लॉक में एक महीने, गांव-गांव में कांग्रेस का झंडा फहराकर यात्रा शुरू होगी। हर गांव में बैठक होगी। डोर टू डोर जनसंपर्क किया जायेगा। यात्रा के मूल संदेश के साथ राहुल गांधी का पत्र हर घर वितरित होगा। मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट बांटी जायेगी। हर दरवाजे पर भारत जोड़ो यात्रा का स्टीकर चिपकाया जाएगा। एक मोबाइल वीडियो स्क्रीन के जरिये हर गांव में भारत जोड़ो यात्रा की भावनात्मक फिल्म दिखाई जाएगी। यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई पूरे ब्लॉक में बाइक रैली करेगी।

जिला स्तर पर कार्यकर्ता मेला: हर जिला मुख्यालय पर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का सम्मेलन होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और राज्य के वरिष्ठ नेता भाग लेंगे और संबोधित करेंगे।

राज्य स्तर पर कार्यकर्ता महासंगम: राज्य स्तर पर समापन में बड़ी रैली होगी तथा महारैली को संबोधित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी-राहुल गांधी सहित राष्ट्रीय स्तर के नेता आएंगे। भारत जोड़ो मेला भी आयोजित होगा। राज्य स्तर पर युवा केंद्रित कार्यक्रम होगा। विशाल एलईडी स्क्रीन पर यात्रा के दृश्य दिखाए जायेंगे। प्रसिद्ध गायकों, कलाकारों, सोशल मीडिया इंफ्लूएंंसरों के साथ संगीत कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में राजधानी में महिला मार्च निकलेगा। समापन रैली में प्रियंका गांधी एक महिला घोषणा पत्र का विमोचन करेंगी।

सभी पदाधिकारियों को इससे जुड़ना ही है: अरुण यादव
अभियान के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा, राहुल गांधी ने देश में एकता- भाईचारा कायम करने के लिये 3700 किमी की पदयात्रा करके देश को जोड़ने का काम किया। 30 जनवरी को जम्मू में झंडावंदन के साथ यात्रा पूरी होगी। हाथ से हाथ जोड़ो भारत जोड़ो का दूसरा चरण है। एआईसीसी इस अभियान को लेकर गंभीर है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को इसमें अपना पूरा योगदान देने को कहा गया है। हमे इस अभियान के माध्यम से गांव के अंतिम व्यक्ति तक जाना है। यहां कांग्रेस की सरकार है जिसके कामों की चर्चा पूरे देश में है। हमारे यहां फसल की कीमत देश में सबसे ज्यादा है। यहां गोबर और गोमूत्र खरीदा जा रहा है।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, जिलाध्यक्ष और जिला पर्यवेक्षक शामिल हुए थे।