Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 राहुल कल सुबह आएंगे, प्रियंका शनिवार को आएंगी, सोनिया गांधी का आना तय नहीं

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन का मंच सज-धजकर तैयार हो गया है। 24 से 26 फरवरी तक कांग्रेस का पूरा केंद्रीय नेतृत्व और राज्यों की निर्णायक समितियां यहीं रहने वाली हैं। 1960 के बाद रायपुर में यह कांग्रेस का इस तरह का सबसे बड़ा आयोजन होने जा रहा है। अक्टूबर 1960 में रायपुर में कांग्रेस का एक विशेष अधिवेशन हुआ था। उसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु, लाल बहादुर शास्त्री सहित पूरा केंद्रीय और प्रांतीय नेतृत्व पहुंचा था।

महाधिवेशन के लिए नेताओं का आना दो दिन पहले से शुरू हो गया है। कांग्रेस के बड़े नेता गुरुवार दोपहर से आने लगे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रायपुर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। खड़गे आज ही महाधिवेशन की तैयारियों को देखने भी जाएंगे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार सुबह रायपुर पहुंच जाएंगे। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को पहुंचेंगी।

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का कार्यक्रम अब तक नहीं पहुंचा है। बताया जा रहा है कि उनका आना उनके सेहत की स्थिति पर निर्भर करेगा। वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि वे संभवत: शनिवार को रायपुर पहुंच सकती हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश भी रायपुर पहुंच गए हैं। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु भी शाम तक रायपुर पहुंच जाएंगे। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की टीम पहले ही यहां पहुंच चुकी है। कांग्रेस स्टीयरिंग कमेटी के दूसरे 45 नेताओं के आने का क्रम गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक का है। इन नेताओं में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व लोक सभा अध्यक्ष मीरा कुमार जैसे नेता शामिल हैं।

12 पूर्व मुख्यमंत्री पहुंच रहे हैं
इस महाधिवेशन में 12 पूर्व मुख्यमंत्री भी शिरकत करने पहुंच रहे हैं। इसमें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, अशोक चह्वाण, पृथ्वीराज चह्वाण, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एम. वीरप्पा मोइली, पुदुचेरी के मुख्यमंत्री रहे वी. नारायणसामी, आंध्र प्रदेश के सीएम रह चुके एन. किरण कुमार रेड्‌डी, पंजाब के मुख्यमंत्री रहे चरणजीत सिंह चन्नी और राजिंदर कौर भट्‌टल भी हैं। इनके साथ गोवा के मुख्यमंत्री रहे प्रताप सिंह राणे, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री समीर रंजन बर्मन, अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुकुट मिथि और नगालैंड के पूर्व मुख्यमंत्री एससी जमीर भी पहुंचने वाले हैं।

पूरा छत्तीसगढ़ स्वागत को उत्सुक हैः सीएम बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस का इतना बड़ा आयोजन पहली बार रायपुर में होने जा रहा है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल जी सहित पूरा केंद्रीय नेतृत्व, इसके साथ दूसरे प्रदेश इकाइयों के प्रतिनिधि इसमें शामिल होने पहुंच रहे हैं। हम लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पूरा छत्तीसगढ़ उनके स्वागत के लिए उत्सुक है। मुख्यमंत्री ने कहा, भारत जोड़ो यात्रा, हाथ से हाथ जोड़ो अभियान और उसके तुरंत बाद इस महाधिवेशन के जरिये कांग्रेस लोगों के मुद्दे उठा रही है। उनसे जुड़ने का काम कर रही है।

महाधिवेशन स्थल पर एयरकंडीशंन डोम
कांग्रेस के 24 से 26 फरवरी तक होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए नवा रायपुर के मेला स्थल पर 12 से ज्यादा डोम तैयार किये गये हैं। प्रत्येक डोम एयरकंडीशंड है। अधिवेशन के लिए विशाल पंडाल बनाया गया है। जिस डोम में सारे वीआईपी रहेंगे, उसमें बड़ा मंच बनाया गया है। यह थीम बेस्ड है। भोजन, बैठक, मीडिया गैलरी सहित सभी डोम एयरकंडीशंड होंगे। अधिवेशन में शामिल होने वाले लगभग 15 हजार सदस्य और ड्यूटी में लगे 5 हजार लोगों के लिए रोजाना वहीं भोजन बनेगा।

रायपुर एयरपोर्ट पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का स्वागत करते स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव।

कांग्रेस के कई बड़े नेता राष्ट्रीय महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर लगातार निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं।

महाधिवेशन के मुख्य पंडाल के पास ही प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है।