Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0  प्रियंका बोलीं-हमारा संविधान समानता की बात करता है
0 महाधिवेशन के बाद कांग्रेस की मेगा रैली में कांग्रेस नेताओं का फूंका चुनावी बिगूल  

रायपुर। रायपुर में कांग्रेस के महाधिवेशन के बाद हाथ से हाथ जोड़ो जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस के तमाम सीनियर नेताओं ने जनता को संबोधित किया और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि बीजेपी के कितने लोग आजादी के लिए जेल गए, ये लोग नौकरी में लगे थे। आज बोलते हैं, हम लोग देशभक्त हैं। मेरी 56 इंच की छाती है। तेरी 56 इंच की छाती लेकर हम क्या करेंगे। हजारों लोग भूखे मर रहे हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा संविधान समानता की बात करता है। देश की सरकार आपको समानता की दृष्टि से देखें। 

राजधानी के जोरा मैदान में इस जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें तमाम कांग्रेसी नेता शामिल रहे। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं पहली बार छत्तीसगढ़ आई हूं। मुझे बहुत खुशी हो रही है। खासकर के इस अधिवेशन को लेकर जो यहां हुआ। मेरी दादी यहां की कहानियां सुनाया करती थीं। सोनिया जी ने भी यहां का बहुत दौरा किया। वे मुझे बताया करती थीं।

प्रियंका ने कहा कि कहा कि हमारा संविधान समानता की बात करता है। देश की सरकार आपको समानता की दृष्टि से देखे। सबको समानता से ही अधिकार मिलता है। इज्जत से जीने का मौका मिलता है। इसी संविधान को मजबूत करने देश में मीडिया, न्यायपालिका और संसद है। इन तीनों से संविधान मजबूत होता है। मगर ये तीनों जब कमजोर होते हैं, तब सामान तरह से आपको न्याय नहीं मिलता है।

मीडिया को डरा रही है केंद्र सरकार

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज केंद्र सरकार मीडिया पर दबाव बना रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराया जा रहा है।
आज इसे समझने की जरूरत है। मीडिया के लोग यहां है। इनको सरकार दबा रही है। सच्चाई कह नहीं पाते हैं। न्यायपालिका पर सरकार दबाव लगाती है। कई ऐसे मुद्दे हैं, जिस पर कांग्रेस चर्चा करना चाहती है। लेकिन सरकार इस पर बात नहीं करने देती है। हमारे नेताओं के बयान को संसद में रिकॉर्ड से मिटा दिया जाता है।

छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश में जाना जाता है
छत्तीसगढ़ में छापे मारे जा रहे हैं। हमारे नेताओं, कार्यकर्ताओं को डराया जा रहा है। यहां की सरकार यहां के मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ की शान पूरे देशभर में फैला रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश में जाना जाता है। उसका कारण है यहां की कांग्रेस की सरकार। ये सरकार किसी के दबाव से नहीं रुकेगी। जब छत्तीसगढ़ की तारीफ होती है तब केंद्र को पसंद नहीं आता है। इसलिए छापे मरवाए जा रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि विधानसभा-लोकसभा चुनाव आ रहे हैं। आप केंद्र सरकार से पूछिए उन्होंने आपके लिए क्या किया। छत्तीसगढ़ सरकार लोगों के हित में काम कर रही है। जितनी योजना आम जनता के लिए छत्तीसगढ़ में चल रही है। उतनी कहीं नहीं है।
 
अधिवेशन के पहले रेड डालकर डरा रहे: खड़गे
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने  जनता को संबोधित किया।  खरगे ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह डिक्टेटरशिप चला रहे हैं। 51 साल के राजनैतिक सफर में उन्होंने कभी भी महाधिवेशन के दौरान छापे पड़ते नहीं देखा, लेकिन छत्तीसगढ़ में धड़ाधड़ छापे मारे गए। उन्हें नहीं पता कि छत्तीसगढ़ के लोग डरने वाले नहीं हैं। यहां के लोगों ने जगह जगह का पानी पिया है। उनके पास लाठी की शक्ति है तो हमारे पास वोटों की शक्ति है। इसे लोग इस्तेमाल कर दिखाएंगे। 

खरगे ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के लोगों को शानदार महाधिवेशन के आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आयोजन में देश के कोने-कोने से दस हजार लोग यहां पहुंचे। सबको एक जगह लाने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया। सोनिया गांधी जी ने कहा कि कहा कि छत्तीसगढ़ में होना चाहिए। भूपेश बघेल जी ने सबसे पहले कहा कि छत्तीसगढ़ में होना चाहिए। चाहे ईडी की रेड हो या सीबीआई की रेड। अधिवेशन को सफल बनाकर दिखाएंगे। उन्होंने साबित कर दिया कि चाहे कितना भी तकलीफ हो, उसे यशस्वी बनाएंगे। इससे पहले अशोक गहलोत ने उदयपुर राजस्थान में किया था। यहां महाधिवेशन ऐतिहासिक है। ऐसा महाधिवेशन हर जगह नहीं होते।

आज की जो सरकार है केंद्र में, यह लोकतांत्रिक सरकार नहीं है। ये सिर्फ अपना डिक्टेटरशिप चलाते हैं। हमको आपकी ओर से, गरीबों की ओर से, स्त्रियों की ओर से, एससी-एसटी की ओर से कोई बात रखने के लिए हमें आजादी नहीं है। कोई भाषण हम करते हैं जनता के हित में, राहुल गांधी ने लोकसभा और मेरा भाषण राज्यसभा में उसे काट दिया। हमने कोई गलत शब्द नहीं कहा। हमने हिसाब पूछा कि अडानी की संपत्ति 2004 से पहले 3000 करोड़ संपत्ति थी। 2014 में 50 हजार करोड़ संपत्ति हुई। इसके बाद ढाई साल में अब 13 लाख करोड़ हो चुकी है। ऐसा कौन सा जादू है जो मंत्र आपने अडानी को पढ़ाया वही हमें बोलिए। एक रुपए का 13 रुपए कैसे होता है?

एक व्यक्ति के लिए पूरा राष्ट्र उन्होंने गिरवी रखा। 80 हजार करोड़ रुपए उन्होंने एक कंपनी को लोन दिया। वह एलआईसी का पैसा है, जो हमारे बच्चों के लिए इंश्योरेंस करते हैं। इंश्योरेंस के पैसे जो उस कंपनी में है एलआईसी में, वह निकालकर आपने दिया। जो गरीब मेहनतकश लोग अपना पैसा बैंक में डिपॉजिट करते हैं।एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक ने इतना लोन दिया कि पूछो मत। इतना बड़ा लोग एक व्यक्ति को देते हैं, वह भी सरकार की कंपनियों को खरीदने के लिए देते हैं। पैसे, संपत्ति हमारी।खरीदने वाला अडानी और आशीर्वाद देने वाला मोदी। मोदी कहते हैं न खाऊंगा न खाने दूंगा, लेकिन हमारी संपत्ति बेच रहे हैं। यह पैसा आपके दोस्त के पास जा रहा है। वह कौन सा दोस्त है, जिसके प्लेन में आप प्रधानमंत्री की शपथ लेने के लिए उसकी प्लेन में आए थे।

छोटे छोटे करप्शन बंद किया और बड़े बड़े करप्शन की अनुमति दे दी। अडानी के साथ आप दिल्ली आए या नहीं? आप कितने देशों में घूमे? आपके पहुंचने के बाद कितने देशों में पहुंचा? कितने देशों के मुखिया से आपने अडानी को मिलवाया? यह पूछा तो संसद के रिकॉर्ड से निकलवा दिया। हम ऐसे लोकतंत्र में हैं, जहां बोलने की आजादी नहीं है। लिखने की आजादी नहीं है। खाने की आजादी नहीं है। आजकल कोई व्यक्ति अगर सच बोलता है तो उसे जेल भेज देते हैं। मेरे को 51 साल हो गए हैं और मैंने कभी नहीं देखा कि महाधिवेशन चल रहा है और धड़ाधड़ रेड डाल रहे हैं। छत्तीसगढ़ के लोग डरने वाले नहीं हैं।

वो लोग जंगल में रहते हैं। हर पानी को देखे हैं। हर पानी पीए हैं। नदी बावड़ी का पानी पीए हैं। तुम तो एक बॉटल का पानी पीए हो। क्यों आपने वित्त विभाग का ईडी है, उसे होम डिपार्टमेंट से क्यों जोड़ा? 70 साल से जो आर्थिक विभाग में था, उसे शाह के हाथ में था, क्योंकि सताने-डराने के लिए लाठी उनके हाथ दे दी। को-ऑपरेटिव सोसायटी कारखाने भी वहां के लोगों को डराकर कारखाने लेना, डीसीसी बैंक लेना, क्रेडिट को-ऑपरेटिव लेना भी होम डिपार्टमेंट के साथ जोड़ दिया?

उन्होंने कहा-हमने अडानी से संबंधित सवाल पूछा तो हमारा भाषण काट दिया। ढाई साल में जैसे अडानी की संपत्ति 13 गुना हो गई। वैसा मंतर हमको भी बता दें, ऐसा अगर पता चल जाए तो किसी योजना की जरूरत नहीं है। जनता का 1 रुपए 13 रुपए हो जाएगा। यहां बोलने की, लिखने की आजादी तो है ही नहीं खाने की भी आजादी नहीं है। अधिवेशन के पहले रेड डालकर डरा रहे हैं।उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ के लोग डरने वाले नहीं है।

इलेक्शन में फायदा लेने के लिए हमारे प्रधानमंत्री अपॉइंटमेंट लेटर बांटते हैं। ये तो क्लर्क और डिप्टी सेक्रेटरी का काम है। लेकिन मोदी ये नाटक करते हैं। अगर तेरे पीछे नोटों की ताकत है तो हमारे पास वोटों की ताकत है। हमने जो ट्रेन चलाई, उसमें नया इंजन लगाकर भाजपा हरी झंडी दिखाकर कहती है हमने ट्रेन चलाई। बनाना तो दूर 23 पब्लिक सेक्टर मोदी जी ने बेच दिए। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बीजेपी वोट जोड़ने के लिए हिंदू, मुसलमान करती है। शिक्षा महंगी हो गई है, गरीब बच्चे पढ़ नहीं सकते हैं। भूपेश बघेल गरीब, आदिवासी, दलित के बच्चों को इंग्लिश मीडियम में पढ़ाने का काम किया है। हम भाइयों और बहनों को लेकर साथ चलते हैं, लेकिन बीजेपी कहती है हम आगे चलते हैं तुम हमारे पीछे चलो । उन्होंने कहा-हां-जहां कांग्रेस की सरकार है, वहां हम गरीबों के लिए काम कर रहे हैं, राजस्थान सरकार, और छत्तीसगढ़, हिमाचल में गरीब जनता के लिए सरकार काम कर रही है।

कांग्रेस की सरकार गरीबों और किसानों की सरकार है: बघेल

सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राहुल गांधी के बताए मार्ग पर काम करके विकास कर रही है।

जनसभा को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का 85वां महाधिवेशन हुआ। यह एक ऐतिहासिक आयोजन था। इस आयोजन में कृषि नीति, विदेश नीति और सामाजिक न्याय जैसे कई मुद्दों पर फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार राहुल गांधी के बताए मार्ग पर काम करके विकास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा महाधिवेशन का आयोजन स्थल वही स्थल है जब कांग्रेस के सम्मेलन में राहुल गांधी आए थे और किसानों को ऋण माफी का चेक वितरित किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार गरीबों और किसानों की सरकार है। कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पहले वादा किया था कि वो धान का समर्थन मूल्य 25 सौ रुपए क्विंटल करेगी। उसे किया। उसके बाद उसे बढ़ाकर 2640 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है। अब फिर से वादा है कि चुनाव से पहले इस समर्थन मूल्य को बढ़ाकर 2800 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अनुभव का पूरा लाभ कांग्रेस पार्टी को मिल रहा है। खड़गे ऐसे राजनेता हैं, जिन्होंने राजनीति की शुरुआत ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में की थी और आज कई केंद्रीय स्तर के पदों में रहते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसीलिए वो हमेशा अलग-अलग राज्यों का दौरा करते हुए राष्ट्रीय मुद्दों को हमेशा उठाते रहते हैं।

मोदी-अमित शाह हॉर्स ट्रेडिंग करके सरकारें गिरा रहे हैंः गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मोदी, अमित शाह हॉर्स ट्रेडिंग करके सरकारें गिरा रहे हैं। चाहे मध्यप्रदेश हो, कर्नाटक हो या फिर महाराष्ट्र हो। गोवा में भी ऐसा किया। राजस्थान में पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए, छ्त्तीसगढ़ में हिम्मत नहीं हुई। कांग्रेस अगर लोकतंत्र जिंदा नहीं रखता तो नरेंद्र मोदी कैसे प्रधानमंत्री बनते। केंद्र सरकार एजेंसियों का गलत उपयोग कर रही है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है। वहां राहुल गांधी के वादों को पूरा किया गया है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि केंद्र केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

खड़गे बोले- तेरी 56 इंच की छाती लेकर हम क्या करेंगे, हजारों लोग भूखे मर रहे  | Congress mega rally after the convention in Raipur, Chhattisgarh Congress  News, Raipur News, Congress President