Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

रायपुर। राजधानी रायपुर में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के पक्ष में रैली व नारेबाजी करने का मामला गुरुवार को विधानसभा में भी गूंजा। विपक्ष ने इस पर काम रोककर चर्चा के लिए स्थगन सूचना दी थी, जिले उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने खारिज कर दिया। 

शून्यकाल में विउधायक अजय चंद्राकर ने देशद्रोही गतिविधियां बताकर सदन में चर्चा की मांग की। साथ ही इस मामले में सरकार और मुख्यमंत्री से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने देशद्रोही खालिस्तान समर्थक राजधानी रायपुर में भी सक्रिय होने का आरोप लगाया। श्री चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश में अराजक घटनाओं के बढ़ने और पुलिस द्वारा संज्ञान नहीं ले रही है। प्रिंस क्लब की घटना को भी 2 साल हो गए हैं। विधायक की मौजूदगी में वहां गोली चली। पुलिस ने इस पर क्या किया। देश विरोधी खालिस्तानियों के द्वारा भय का माहौल बनाया गया। इस पर मुख्यमंत्री का जवाब आना चाहिए। ये लोग तेलीबांधा तालाब तक पहुंच गए और पुलिस को पता नहीं चला। 

इस बीच भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि लंदन के बाद रायपुर में प्रदर्शन हो रहा है। वहीं शिवरतन शर्मा ने कहा कि देश विरोधी ताकतें बढ़ रही हैं। इस पर संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने जवाब देते हुए कहा कि देश विरोधी गतिविधियों में जो संलग्न होगा, हम उसका विरोध करेंगे। देश विरोधी गतिविधियों को सिर उठाने नहीं दिया जाएगा। केवल राजनीति के लिए आरोप लगाया जा रहा है। इस पर श्री चंद्राकर ने कहा कि प्रदर्शन करके वह लोग निकल गए, आप लोग क्या कर लिए। विपक्ष ने इस मामले पर काम रोको प्रस्ताव के जरिए चर्चा की मांग की। वहीं भाजपा सदस्य रंजना साहू ने कहा कि प्रदेश में अपराधी बेखौफ व देशद्रोही सर उठा रहे हैं और सरकार कुछ नहीं कर रही है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपराधियों का पनाहगाह बन गया है। यहां के लोग सुरक्षित नहीं है। देशद्रोही खालिस्तानी रायपुर में रैली निकालते हैं। कोई पूछने तक नहीं आता और न कोई रोकता है। पुलिस मौन है। रायपुर में जुलूस कैसा निकला, बैठककर एकजुट कैसे हो गए। पुलिस को पता नहीं था क्या। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कुछ दिन पहले पंजाब में खालिस्तानी एक अपराधी को थाने से छुड़ाकर ले गए। आप लोगों को नहीं पता क्या। आज वैसी ही स्थिति छत्तीसगढ़ में बन रही है। इस पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नवाचार आयोग बना है, जिसमें नए-नए अपराध करने का तरीका सिखाया जाएगा। बहस के दौरान विपक्ष की मांग को विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने खारिज किया तो हंगामा शुरू हो गया। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी। 

सख्त कार्रवाई की जाएगीः सीएम बघेल
सदन की कार्रवाई दोबारा शुरू होने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि कल की घटना में बिना सूचना दिए 35-40 लोग जुलूस लेकर निकले थे। सिख समाज के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता, लेकिन जिस तरह से नारा लगाते हुए निकले उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वीडियो खंगाले जाने के लिए कहा गया है। देश-विरोधी गतिविधियों में जो भी शामिल होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।